कांग्रेस के 1 घंटे के धरने के बाद ₹1000 की किश्त पर बनी बात
उज्जैन - आयुर्वेदिक अस्पताल के पीछे (एमआर-5 क्षेत्र) स्थित बस्ती के करीब 200 झुग्गीवासी पिछले 6 दिनों से भीषण गर्मी और अंधेरे में जीवन गुजारने को मजबूर थे। बकाया बिल वसूली के नाम पर विद्युत मंडल के अधिकारियों ने न सिर्फ बस्ती की बिजली काटी, बल्कि केबल भी निकालकर ले गए। अंधेरे के कारण बस्ती में रात के समय जहरीले जीव-जंतुओं (सांप और बिच्छू) के घुसने का खौफ बना हुआ था। मंगलवार को इस मामले में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोला। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. रवि राय के नेतृत्व में कांग्रेसी और क्षेत्रवासी वल्लभ नगर जोन कार्यालय पहुंचे और करीब 1 घंटे तक धरना दिया। प्रदर्शन और तीखी नोकझोंक के बाद विद्युत मंडल के अधिकारी झुग्गीवासियों को किश्तों में बिल जमा करने की सहूलियत देने और तुरंत बिजली चालू करने पर राजी हुए।
रोज कमाने-खाने वालों से एकमुश्त 10 से 20 हजार की मांग, रिश्वत के भी आरोप
बस्ती के रहवासी जीवन ने बताया कि वे नाले के किनारे झुग्गी में रहते हैं। अधिकारियों ने 5 दिन पहले लाइट काट दी थी, जिससे छोटे बच्चे गर्मी और मच्छरों से परेशान हैं। रहवासियों का आरोप है कि अधिकारी बिल के नाम पर एकमुश्त 5 से 20 हजार रुपये तक की मांग कर रहे थे, जबकि रोज कमाने-खाने वाले मजदूर एक साथ इतनी बड़ी रकम नहीं दे सकते। रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारी 2-2 हजार रुपये की रिश्वत लेकर चले जाते हैं। बस्ती वालों ने 25 से ज्यादा आवेदन मीटर लगाने के लिए दिए हैं,लेकिन अब तक मीटर नहीं लगाए गए। कांग्रेस का आरोप- बड़े चोरों को छोड़ रही बिजली कंपनी,गरीबों पर जुल्म धरना प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री के शहर में अधिकारी केवल 'वाहवाही' लूटने में लगे हैं। कोविड के समय सरकार ने बिल माफ किए थे, फिर ये बकाया कहां से आ गया?
वहीं, क्षेत्रीय पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ.रवि राय ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शहर में कई जगह अवैध बिजली और चोरियां चल रही हैं,वहां कंपनी कार्रवाई नहीं करती, लेकिन रोज कुआं खोदकर पानी पीने वाले इन गरीब मजदूरों की लाइट काट दी गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अंधेरे के कारण सांप-बिच्छू के काटने से बस्ती में कोई जनहानि होती है,तो इसकी पूरी जिम्मेदारी एमपीईबी की होगी।
इन शर्तों पर बनी सहमति, लौट रही बिजली
ज्ञापन और धरने के बाद वल्लभ नगर जोन के कार्यपालन यंत्री के निर्देश पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि: बस्ती की बिजली तत्काल प्रभाव से चालू की जा रही है। जो रहवासी एकमुश्त बिल नहीं भर सकते, उनके लिए 1000 रुपये महीने की आसान किश्त बांधी जाएगी। विद्युत मंडल बस्ती में मीटर लगाने और बकाया वसूली के लिए जल्द ही एक विशेष कैंप लगाएगा। वल्लभ नगर जोन पर हुए इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी,नेता प्रतिपक्ष डॉ.रवि राय संगठन महामंत्री अजय राठौर,पार्षद छोटेलाल जी मंडलोई,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक लाला और प्रतीक भावसार सहित बड़ी संख्या में बस्ती के पीड़ित रहवासी मौजूद रहे।
रिपोर्टर - यशपाल दीक्षित

No Previous Comments found.