बड़नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी एडवाइजरी कंपनी ‘स्काई कमोडिटीज’ पर छापा, 3 संचालकों पर केस दर्ज
बड़नगर : बड़नगर में पुलिस ने निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ‘स्काई कमोडिटीज प्राइवेट लिमिटेड’ नामक फर्जी एडवाइजरी कंपनी के दफ्तर पर छापा मारा। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस ने सुनियोजित तरीके से यह कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान कंपनी के तीन मुख्य संचालक — शास्वत विकल, श्लोक विकल और उबैद कुरैशी — के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(1), 319(1), 61(2), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66D, 72 एवं 72A के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान दफ्तर में 9 लड़कियां और 3 लड़के कर्मचारी के रूप में कार्यरत मिले। पूछताछ में सामने आया कि उन्हें 8 से 9 हजार रुपये मासिक वेतन पर रखा गया था और उनका काम फोन कॉल के जरिए लोगों को निवेश का लालच देकर ठगी के जाल में फंसाना था।
पुलिस ने मौके से 9 कीपैड मोबाइल फोन, 4 रजिस्टर (जिनमें सैकड़ों लोगों का डेटा दर्ज था), उपस्थिति रजिस्टर और 2 लैपटॉप जब्त किए हैं। इन उपकरणों का इस्तेमाल ठगी को अंजाम देने में किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने लोगों से कितनी रकम की ठगी की गई है, साथ ही इस गिरोह के तार अन्य शहरों से भी जुड़े हो सकते हैं।
रिपोर्टर : विजय सोलंकी
No Previous Comments found.