सात दिन नगरवासी तरणताल में आकर निशुल्क स्विमिंग कर सकेगें

उज्‍जैन : मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्‍य आतिथ्‍य में गुरूवार को देवास रोड़ पर नगर निगम द्वारा निर्माण किये गये तरणताल का लोकार्पण किया गया । इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि आज नये साल का नया दिन है, शहरवासियों को तरणताल की सौगात मिली है। नगर निगम के स्विमिंग पुल से शहरवासियों की कई यादें जुड़ी हुई है । अंतर राष्‍ट्रीय स्‍तर का स्विमिंग पुल की सौगात मिली है तो इसका मेंटेनेंस बनाये रखना होगा । मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने शुभारंभ अवसर पर आयोजित तैराकी स्‍पर्धा के विजेता बालक-बालिका वर्ग की टीम को 51-51 हजार रूपये पुरस्‍कार स्‍वरूप देने की घोषणा की । कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्‍यक्ष श्रीमती कलावती यादव, पूर्व विधायक श्री राजेन्‍द्र भारती, श्री संजय अग्रवाल, श्री राजेश धाकड़ मौजूद थे । 
देवास रोड़ स्थित नगर निगम द्वारा 8.30 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित तरणताल (स्विमिंग पुल) का लोकार्पण करते हुए मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि करीब दो साल पहले स्विमिंग पुल के लिए भूमिपूजन किया गया था उस दौरान असामंजस्‍य की स्थिति थी जिसमें स्विमिंग पुल का निर्माण अंतर राष्‍ट्रीय स्‍तर की स्‍पर्धाओं के आयोजन के लिए तैयार किया जाना था । आज नये साल में नगरवासियों को अंतर राष्‍ट्रीय स्‍तर की स्‍पर्धाएं आयोजित हो सके ऐसे स्विमिंग पुल की सौगात मिली है। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान महाकाल की नगरी में शिप्रा जी में तैराकी करने का भी अपना अलग आंनद है । कार्यक्रम के प्रारंभ में स्‍वागत भाषण महापौर श्री मुकेश टटवाल ने दिया । मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव का स्‍वागत महापौर श्री टटवाल और नगर निगम अध्‍यक्ष श्रीमती कलावती यादव, उज्‍जैन स्‍मार्ट सिटी के सीईओ संदीप शिवा, तैराकी संघ के अध्‍यक्ष राकेश तिवारी ने किया । 
मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने पूजन अर्चन के पश्‍चात फीता काटकर लोकार्पण किया । इस अवसर पर आयोजित तैराकी स्‍पर्धा में प्रथम श्री शिवोहम् तिवारी, द्वितिय श्री आर्यन राजपूत, तृतीय श्री समर्थ गेहलोत रहे। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने बालक वर्ग एवं बालिका वर्ग के खिलाडियों को 51-51 हजार रूपए देने की घोषणा की । कार्यक्रम का संचालन ज्‍वलंत शर्मा ने किया । 
उल्‍लेखनीय है की नगर निगम द्वारा उक्‍त तरणताल पुराने तरणताल के स्‍थान पर नया बनाया गया है । इसमें अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर के मानकों का विशेष ध्‍यान रखा गया है । तरणताल का कुल क्षेत्रफल 25x50 मीटर है तथा इसकी गहराई 4.5 फीट से 6.15 फीट तक रखी गई है ।      इसके साथ ही बच्‍चों के लिए वार्मअप पुल भी निर्मित किया गया है जिसकी गहराई 2.5 फीट से 3 फीट रखी गई है। तरणताल में विजिटर गैलेरी बनाई गई है । जिसमें 200 से अधिक लोगों के बैठने की व्‍यवस्‍था रहेगी । इसी के साथ पार्किंग, फूड कोर्ट, सिटिंग चेयर, पार्क , आधुनिक फिल्‍टर प्‍लांट, शावर की सुविधा और वेटिंग रूम की भी सुविधा भी रहेगी । तरणताल का संचालन नगर पालिका निगम द्वारा किया जाएगा।
 
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.