बलराम तालाब योजना से बदली किसान गणेश सिंह की किस्मत

उज्जैन : उज्जैन विकास खंड के ग्राम भैंसोदा में रहने वाले किसान श्री गणेश सिंह, पिता श्री भगवान सिंह ने अपने परिश्रम और बलराम तालाब योजना के सहयोग से खेती में एक नया अध्याय जोड़ा है। आज उनके खेत में बना बलराम तालाब न केवल सूखे के दिनों में जीवनरक्षक साबित होगा, बल्कि रबी और जायद फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।  उप संचालक कृषि श्री यू एस तोमर ने बताया कि बलराम तालाब योजना के तहत किसानों को अपने खेत में तालाब निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना के माध्यम से श्री गणेश सिंह ने अपने खेत में तालाब बनवाया, जिसमें कुल अनुमानित लागत 3 लाख रुपये आई। इसमें से  कृषि विभाग  द्वारा  80,000 रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ, जबकि शेष राशि किसान ने अपनी बचत से वहन की।

आज यह तालाब वर्षा जल संचय का बेहतरीन माध्यम बन चुका है। जब फसलों को पानी की आवश्यकता होती है, विशेषकर रबी (जैसे गेहूं, चना) और जायद (जैसे सब्जियां, मूंगफली) मौसम में, तब श्री गणेश सिंह सीधे तालाब से पंप के माध्यम से सिंचाई करते हैं। इससे न केवल बिजली और डीजल की बचत हो रही है, बल्कि फसलों में समय पर पानी मिलने से उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

   सूखे के प्रभाव से मुक्ति मिली है और खेती अब अधिक विश्वसनीय व लाभदायक हो गई है।

रविवार को कृषि विभाग के अधिकारियों ने श्री गणेश सिंह के खेत का दौरा किया और बलराम तालाब का निरीक्षण किया। टीम ने तालाब की गुणवत्ता, जल संचय क्षमता और इसके उपयोग से मिल रहे लाभों की सराहना की।

श्री गणेश सिंह कहते हैं, "यह तालाब मेरे लिए वरदान साबित हुआ है। पहले सूखे में फसलें सूख जाती थीं, लेकिन अब समय पर सिंचाई से अच्छी पैदावार मिल रही है। शासन द्वारा अनुदान मिला तो मेहनत से बाकी काम पूरा किया।

 ऐसे ही हजारों किसान इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में योगदान दे रहे हैं।

रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.