संभागायुक्त श्री सिंह ने देवास रोड़ फोर लेन निर्माण कार्य में देरी होने पर निर्माण एजेंसी पर 5 लाख रूपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए
उज्जैन : संभागायुक्त सह मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने सोमवार को सिंहस्थ महापर्व के तहत निमार्णाधीन दताना से पाइप फैक्ट्री तक फोरलेन मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की गति धीमी होने और निर्माण सामग्री की परीक्षण प्रयोगशाला में कैलिब्रेशन सर्टिफिकेट (अंशांकन प्रमाण पत्र )उपलब्ध नही होने पर संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण कार्य करने वाले संबंधित ठेकेदार पर 5 लाख रूपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए है। संभागायुक्त श्री सिंह सिंहस्थ के अंतर्गत पीडब्ल्यूडी के माध्यम से निर्माणाधीन अन्य कार्यों का निरीक्षण करते हुए निर्माण सामग्री में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए है। संभाग आयुक्त सह मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने सिंहस्थ के तहत दताना से पाइप फैक्ट्री तक कुल 8.8 किलोमीटर तक निर्माणाधीन फोरलेन मार्ग के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण कार्य में उपयोग की जाने वाली सामग्री की परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। परीक्षण प्रयोगशाला में निर्माण एजेंसी द्वारा कैलिब्रेशन सर्टिफिकेट (अंशांकन प्रमाण पत्र ) उपलब्ध नही होने पर संभागायुक्त श्री सिंह ने नाराजगी जताई।
गुणवत्ता से किसी प्रकार की लापरवाही ना हो
इसी तरह मार्ग निर्माण के दौरान दताना क्षेत्र में मजदूरों की संख्या कम होने से कार्य की धीमी गति को लेकर भी संभागायुक्त श्री सिंह ने नाराजगी जताते हुए निर्माण कार्य करने वाले संबंधित एजेंसी बिंदल कांट्रेक्टर एंड डेवलपर्स पर 5 लाख रूपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण यंत्री श्री गणेश पटेल को दिए। संभागायुक्त श्री सिंह ने फोरलेन निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री को प्रयोगशाला में जांचने की प्रक्रिया भी देखी। संभागायुक्त श्री सिंह निर्माण कार्य कराने वाले संबंधित विभाग पीडब्ल्यूडी के अधिकारी को निर्देश दिए कि फोरलेन निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले सामग्री की टेस्टिंग रिपोर्ट प्रतिदिन अपडेट की जाए। निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता के साथ समय सीमा का पूर्ण ध्यान रखा जाए। संभाग आयुक्त श्री सिंह ने हामूखेड़ी में मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर संबंधित निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी द्वारा जानकारी दी गई कि हामूखेड़ी मार्ग के 900 मीटर के चौड़ीकरण मार्ग के दोनों और 200 मीटर तक सीवेज लाइन और पानी की पाइप लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है। यहां पर पानी की पाइप लाइन से नल कनेक्शन भी दिए गए है। संभागायुक्त श्री सिंह निर्देश दिए कि हामूखेड़ी टेकरी पर स्थित श्री बिजासन माता का मंदिर होने से नवरात्रि के चलते मंदिर आने जाने वाले श्रद्धालुओं को निर्माण कार्य के दौरान किसी तरह की परेशानी ना हो। उन्होने संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए कि मार्ग चौड़ीकरण कार्य में गति बढ़कर नवंबर तक इस कार्य को पूर्ण किया जाए।
गेल चौराहे से शांति नगर वाली सड़क में 1 किमी
हिस्सा वर्षा से पहले पूर्ण करें
संभागायुक्त श्री सिंह ने नानाखेड़ा गेल चौराहे से नीलगंगा चौराहे तक 2700 मीटर निर्माणाधीन मार्ग चौड़ीकारण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि चौड़ीकारण कार्य तेजी से किया जा रहा है। वर्षा ऋतु प्रारंभ होने तक 1150 मीटर तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। मार्ग में सीवेज लाइन, नाली निर्माण कार्य, विद्युत पोल लगाने और पेयजल की पाइप लाइन डालने का कार्य प्रगतिरत है। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि अब तक चौड़ीकरण कार्य के साथ ही आगे होने वाले चौड़ीकरण कार्य की पहले से प्लानिंग तैयार कर लें, जिससे आने वाले समय में कार्य करने में कोई परेशानी ना हो और कार्य तेज गति से पूर्ण किया जा सके। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि कार्य कराने वाले संबंधित विभाग इस बात का ध्यान रखें कि निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए जो समय सीमा दी गई है, उसी अनुसार गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए। निर्माण कार्यों को पूरी प्लानिंग से करें
संभागायुक्त श्री सिंह ने जंतर मंतर से लालपुल की ओर निर्माणाधीन फोरलेन मार्ग का निरीक्षण कर कार्य तेज गति से करने के निर्देश दिए है। श्री सिंह ने कहा कि इंदौर रोड हरीफाटक की ओर से आने वाला यह मार्ग मुख्य मार्ग होने के कारण महत्वपूर्ण है। श्री सिंह ने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग के अधिकारी कार्य स्थल पर उपस्थित होकर निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए इस मार्ग का कार्य दी गई समय सीमा में कराएं। संभागायुक्त सह मेला अधिकारी श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान लालपुल के समीप निर्माणाधीन ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

No Previous Comments found.