सीईओ जिला पंचायत द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई
उज्जैन : मंगलवार को सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट द्वारा प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई करते हुए प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। बडनगर तहसील के ग्राम इंगोरिया निवासी दिनेश चंद्र पोरवाल ने आवेदन दिया कि गांव में उनके स्वामित्व की कृषि भूमि के राजस्व रिकार्ड में दर्ज विवरण के अनुसार खसरे के कॉलम नं. 12 में जिला सहकारी भूमि विकास बैंक मर्यादित का बंधक बकाया आ रहा है। इसे वे समझौते के तहत जमा करवाना चाहते है। अत: भूमि के बंधक को मुक्त करने की कार्यवाही की जाए। इस पर एलडीएम और अधीक्षक भू अभिलेख को समय सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। फ्रीगंज निवासी राजा संगत ने आवेदन दिया कि उनके पिता नगर पालिका निगम में काफी वर्षों से सेवारत थे। उनका सेवा में रहते हुए आकस्मिक निधन हो गया है। अत: प्रार्थी को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करे की जाए। इस पर नगर निगम आयुक्त को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
महिदपुर तहसील के ग्राम राघवी निवासी संतोष सिंह पिता रघु सिंह ने आवेदन दिया कि उनके द्वारा ग्राम खेड़ा खजुरिया में स्थित कृषि भूमि क्रय कर नियमानुसार रजिस्ट्री करवाई गई थी। इसके पश्चात नामांतरण के पूर्व बटवारे के लिए उन्होंने आवेदन दिया कि जमीन की फर्द बनाई जाए परंतु राजस्व निरीक्षक द्वारा आज दिनांक तक कृषि भूमि की बटवारा फर्द प्रस्तुत नहीं किया गया है। इस पर तहसीलदार महिदपुर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। नानाखेडा निवासी श्रीमती शांति बाई ने आवेदन दिया कि कुछ वर्ष पूर्व उन्हें व उनके पति के संयुक्त नाम से आवासीय पट्टा प्रदान किया गया था। उन्होंने पूरी जमीन पर मकान का निर्माण नहीं कराते हुए कुछ जमीन छोड दी थी। उस हिस्से पर एक व्यक्ति के द्वारा जबरन कब्जा कर भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इस वजह से उन्हें बहुत परेशानी हो रही है तथा अनावेदक का विरोध करने पर उन्हें धमकी दी जा रही है। इस पर आयुक्त नगर निगम को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।ग्राम बडवई तहसील घट्टिया निवासी राम कुंवर बाई पति मान सिंह ने आवेदन दिया कि गांव में स्थित उनकी कृषि भूमि के समीप जल निकासी के लिए नाली की आवश्यक्ता है। नाली के अभाव में यहां आस-पास के खेतों का पानी जमा हो जाता है तथा कई दिनों तक निकासी नहीं होने के कारण उनकी फसल खराब हो जाती है। इस वजह से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अत: वहां जल निकासी के लिए नाली निर्माण किया जाए। इस पर लोकनिर्माण विभाग के अधीक्षण यंत्री का उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार एडीम श्री अतेन्द्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित


No Previous Comments found.