ग्राम पंचायत बिरिया खेड़ी में सरपंच परिवार का शासकीय जमीन पर कब्जा

बड़नगर : बड़नगर तहसील के ग्राम पंचायत बिरिया खेड़ी में शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है, जहां वर्तमान सरपंच राधाबाई के पति मनोहर परमार एवं उनके ससुर मोहनलाल परमार द्वारा अस्पताल के लिए चिन्हित सर्वे नंबर 602 की भूमि पर अवैध रूप से गोडाउन निर्माण कर कब्जा किया गया था। इस संबंध में ग्राम के पूर्व सरपंच रतनलाल गहलोत द्वारा तहसीलदार से लेकर कलेक्टर तक शिकायत की गई थी, जिस पर तहसीलदार रुपाली जैन ने पटवारी से मौके की जांच कराई, जिसमें शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया तथा सुनवाई के दौरान पर्याप्त अवसर देने के बावजूद वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसी के चलते तहसीलदार द्वारा 23 मार्च 2026 को बेदखली का आदेश पारित करते हुए लगभग 480 वर्ग फीट भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए और ₹15,000 का अर्थदंड भी आरोपित किया गया। आदेश में पटवारी को 7 दिवस के भीतर अतिक्रमण हटाकर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा जुर्माने की राशि शासकीय खजाने में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो प्रथम बार 15 दिन एवं द्वितीय बार 6 माह तक की सिविल जेल की कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि प्रशासन द्वारा जारी इस आदेश का पालन निर्धारित समय सीमा में होता है या नहीं, क्योंकि अक्सर ऐसे मामलों में आदेश के बाद भी कार्रवाई में देरी देखने को मिलती है।

रिपोर्टर : विजय सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.