कलेक्टर श्री सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई

उज्जैन : कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार सुबह जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई।बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने विगत  19 फरवरी की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा की। बैठक में मंडी सचिव और सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में आने वाली ट्रैक्टर ट्रालियों पर रिफ्लेक्टर लगाने की कार्यवाही सतत जारी रहे। 

बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने पीएम राहत योजना अंतर्गत लाभार्थियों का 24 घंटे में प्रकरण ऑनलाइन दर्ज कर सड़क दुर्घटना में घायल नागरिकों और उनकी मदद करने वाले को लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। उक्त योजना अंतर्गत ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी को सह नोडल नियुक्त करने, आरटीओ और सीएमएचओ को समन्वय कर कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। 
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने स्कूल और कॉलेज की बसों का सतत निरीक्षण कर बसों की  फिटनेस चेक,सीसीटीवी कैमरा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने एमपीआरडीसी,लोक निर्माण विभाग,नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया,नगर निगम को ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हांकित कर संकेतक, रंबल स्ट्रिप लगाने,पार्किंग आदि कार्य करने के निर्देश दिए। 
बैठक में चारधाम, नीलकंठ द्वार पहुंच मार्गों पर ई रिक्शा के ड्रॉप प्वाइंट चिन्हांकित कर बनाने के निर्देश दिए जिससे यातायात सुगम रूप से चल सके। नगर निगम, यूडीए और पुलिस समन्वय कर ट्रैफिक व्यवस्था की कार्ययोजना बनाए और मां हरसिद्धि माता मंदिर से श्री महाकाल लोक,महाराजवाड़ा, चारधाम मार्गों सेअतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।  
कलेक्टर श्री सिंह ने दोपहिया वाहन चलाते समय  हेलमेट लगाने,कार चलाते समय सीटबेल्ट अनिवार्यत लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात ना करने के नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करवाने और उक्त यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर चालानी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट, एडीएम श्री अत्येंद्र सिंह गुर्जर, एडीशनल एसपी श्री आलोक शर्मा, ईई लोक निर्माण विभाग श्री गौतम अहिरवार, आरटीओ श्री संतोष मालवीय, सीएमएचओ डॉ अशोक कुमार पटेल और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : याशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.