मालवा के प्रसिद्ध पुराशास्त्री डॉ. रमण सोलंकी पद्मश्री विष्णु श्रीधर वाकणकर सम्मान से सम्मानित
उज्जैन : सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन की प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्त्व अध्ययशाला द्वारा गरिमामय समारोह में मालवा के प्रसिद्ध पुराशास्त्री डॉ. रमण सोलंकी को पद्मश्री विष्णु श्रीधर वाकणकर सम्मान से सम्मानित किया गया।
प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्त्व अध्ययशाला के सभागार मे आयोजित समारोह की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज ने की।
मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री एवं अश्विनी शोध संस्थान महिदपुर के निदेशक डॉ. रामचंद्र ठाकुर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रविंद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल की सह - प्राध्यापिका डॉ. सावित्री परिहार उपस्थित हुई।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. रामचंद्र ठाकुर ने अपने उद्बोधन में पद्मश्री विष्णु श्रीधर वाकणकर के योगदान का संक्षिप्त परिचय देते हुए उनकी शोध परंपरा को आगे बढ़ाने में डॉ. रमण सोलंकी के महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने मालवा क्षेत्र के प्राचीन इतिहास, उत्खनन कार्यों तथा उससे प्राप्त ऐतिहासिक तथ्यों पर प्रकाश डाला।
सारस्वत अतिथि डॉ. सावित्री परिहार ने रविन्द्र नाथ टैगोर विश्वविद्यालय रायसेन ने अपने संबोधन में डॉ. सोलंकी के शोध एवं ऐतिहासिक योगदान की सराहना की।
सम्मान प्राप्ति के पश्चात अपने उद्बोधन में डॉ. रमण सोलंकी ने अपने शोध जीवन की यात्रा का विस्तृत वर्णन किया। उन्होंने पाकिस्तान से लेकर दक्षिण भारत तक के अपने पुरातात्विक भ्रमण, हुसैनीवाला क्षेत्र के प्राचीन स्थलों, ब्राह्मी लिपि, प्राचीन सिक्कों तथा गुफाओं में संरक्षित चित्रों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इनके संरक्षण एवं जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलगुरु डॉ. अर्पण भारद्वाज ने भारतीय सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ते हुए इसकी महत्ता पर विस्तार से अपने विचार रखे।
इस अवसर पर अभिनंदन- पत्र का वाचन डॉ. मुकेश कुमार शाह द्वारा किया गया।कार्यक्रम का प्रारम्भ सरस्वती वंदना एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। स्वागत भाषण विभागाध्यक्ष डॉ. विश्वजीत सिंह परमार द्वारा प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में डॉ हेमंत लोदवाल, डॉ रीतेश लोट, डॉ प्रीति पाण्डेय, डॉ अजय शर्मा,प्रो एस के मिश्रा, डॉ राकेश पण्डया,डॉ राज बोरिया, डॉ विरेन्द्र चावरे डॉ मुकेश वाणी, डॉ सर्वेश्वर शर्मा, डॉ शिव सिंह कुशवाहा, डॉ जगदीश शर्मा, डॉ निहाल सिंह, डॉ प्रदीप पोरवाल, डॉ धर्मेन्द्र जाधव आदि उपस्थित थे,कार्यक्रम का संचालन डॉ. नेहा उपाध्याय ने किया तथा आभार ज्ञापन डॉ. अंजना सिंह गौर ने किया।
रिपोर्टर : याशपाल दीक्षित
No Previous Comments found.