विभिन्न प्रदर्शनी और देशज व्यंजनों का विशेष मेला भी होगा आयोजित
उज्जैन : भारत के स्वाभिमान, नवजागरण और सांस्कृतिक वैभव की गौरवशाली यात्रा को समर्पित महानाट्य “सम्राट विक्रमादित्य” का मंचन 3 से 5 अप्रैल तक बी.एल.डब्ल्यू. मैदान, वाराणसी में किया जाएगा।
बुधवार को सुबह 11:00 उज्जैन से कलाकारों एवं तकनीकी दल का जत्था काशी - महाकाल एक्सप्रेस से वाराणसी के लिए रवाना हुआ।
इस भव्य आयोजन में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन, पराक्रम, न्यायप्रियता एवं सांस्कृतिक योगदान को प्रभावशाली मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर विविध प्रदर्शिनियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जिनमें ‘आर्ष भारत’, ‘सम्राट विक्रमादित्य और अयोध्या’, ‘शिव पुराण’, ‘चौरासी महादेव’, ‘श्रीहनुमान’ तथा मध्यप्रदेश के पवित्र स्थलों की झलक प्रस्तुत की जाएगी। श्री भस्म रमैया भक्त मंडल के 50 कलाकार द्वारा डमरू वादन की प्रस्तुति दी जाएगी
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक पूर्वरंग के अंतर्गत मध्यप्रदेश के लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं “स्वाद” खंड में देशज व्यंजनों का विशेष मेला भी आयोजित किया जाएगा, जो दर्शकों को भारतीय परंपरा और संस्कृति का जीवंत अनुभव कराएगा।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित


No Previous Comments found.