अदभूत, अविश्‍वसनीय, अकल्‍पनीय मगर पूर्णत: वैज्ञानिक – मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव

उज्जैन :  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान और वरिष्ठ लेखक एवं समाजसेवी श्री सुरेश सोनी ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन: महाकाल द मास्टर ऑफ टाइम अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया। प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा प्रदर्शनी में सम्मिलित सभी मॉडल अदभूत, अविश्‍वसनीय, अकल्‍पनीय मगर पूर्णत: वैज्ञानिक है। केंद्रीय मंत्री श्री प्रधान और मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने विज्ञान पर आधारित यंत्रों का अवलोकन कर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की।

प्रदर्शनी में इसरो, मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, शिक्षा मंत्रालय का इंडियन नॉलेज सिस्टम, आईआईटी इंदौर, आरआरकैट इंदौर, नेशनल संस्कृत यूनिवर्सिटी, सम्राट विक्रमादित्य शोधपीठ और अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई।प्रदर्शनी में यूएवी प्लेन वर्कशॉप अंतर्गत मेडिकल ड्रोन, एयर टैक्सी ड्रोन, एग्री ड्रोन आदि का प्रदर्शन किया गया। इसरो के द्वारा प्रदर्शनी में एएसएलवी सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल, मंगलयान, चंद्रयान आदि के डेमो प्रदर्शित किए गए।

       मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के श्री करण सिंह ने 3 सर्वों मोटर और ऑर्डिनो प्लेटफॉर्म पर कोडिंग कर आरती के लिए डिजाइन की गई रोबोटिक आर्म का प्रदर्शन (डेमो) दिया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री प्रधान को भारतीय कालगणना के विद्वानों ने प्रदर्शनी में तिथि पंचांग, प्राचीन भारतीय कालगणना परंपरा और भारतीय ज्ञान परंपरा की जानकारी दी।

  प्रदर्शनी में शिक्षा मंत्रालय के इंडियन नॉलेज सिस्टम के स्टाल पर भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित किताबें कौटिल्य अर्थशास्त्र, सांख्य सिस्टम, सुख सूत्र, फिलासफी ऑफ वैष्णव वेदांत आदि का प्रदर्शन किया गया। अतिथियों को उक्त किताबों का सेट भी भेंट किया गया।

       प्रदर्शनी में मैसूर के भारती योगाधाम के स्टाल पर भास्कराचार्य के गोल यंत्र ,अन्य यंत्रों और दक्षिण भारत के पहले जंतर मंतर के मॉडल का प्रदर्शन किया गया। वीर भारत न्‍यास  द्वारा आर्ष भारत प्रदर्शनी में भारतीय ऋषि वैज्ञानिक परंपरा पर केंद्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में स्पेस शूट, रॉकेट ,अर्थक्वेक अलार्म, स्पेस संबंधित किताबों का प्रदर्शन अंकुर हॉबी सेंटर, अहमदाबाद द्वारा किया गया। नेशनल संस्कृत यूनिवर्सिटी द्वारा संस्कृत पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय द्वारा भी प्रदर्शनी लगाई गई।

 

सैटेलाइट मेकिंग वर्कशॉप आयोजित की गई

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री श्री प्रधान ने प्रदर्शनी में आयोजित सैटेलाइट मेकिंग वर्कशॉप का अवलोकन कर वहां उपस्थित छात्रों से चर्चा की। वर्कशॉप में 10 इंजीनियरिंग महाविद्यालयों के 120 से अधिक छात्रों ने नैनो सैटेलाइट बनाने की प्रक्रिया सीखी।

    इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, श्री अनिल कोठारी, श्री शिवकुमार शर्मा आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.