वर्षा ऋतु को देखते हुए वे ही कार्य प्रारंभ करें जो वर्षा ऋतु के पहले पूर्ण हो सकें- संभागायुक्त श्री सिंह

उज्जैन :  संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने शुक्रवार को सिंहस्थ 2028 के प्रचलित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण कार्य कराने वाले संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी समय में वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए केवल उन्ही निर्माण कार्यों को प्रारंभ किया जाए, जिनका कार्य वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व सुनिश्चित हो सके। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माणाधीन सड़क मार्ग के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सके। बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
 सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभागार में सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत प्रचलित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में   विभिन्न निर्माण एवं अधोसंरचना कार्यों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया गया। संभागायुक्त श्री सिंह ने बैठक में प्रचलित निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें, जिससे विकास कार्यों में गति एवं पारदर्शिता बनी रहे।    
संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सदावल हेलीपैड का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही हेलीपैड से संबंधित सभी कार्य (संचालन प्रारंभ करने की प्रक्रिया) को भी तत्काल प्रारंभ कर समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उक्त स्थल पर हेलीकॉप्टर उतरने की सुविधा यथाशीघ्र उपलब्ध हो सके।
 बैठक में संभागायुक्त श्री सिंह ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि नागझिरी-दताना मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्रता से एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सके।
  बैठक में निर्माण कार्य कराने वाले संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.