जागरूकता कार्यक्रम में आवंतिका गैस लिमिटेड एवं आईटीआई उज्जैन के संयुक्त प्रयासों से 35 छात्रों को मिला रोजगार
उज्जैन : कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह की अभिनव पहल के तहत पीएनजी कनेक्शन वितरण में तेजी लाने एवं स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय संभागीय आईटीआई उज्जैन और आवंतिका गैस लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को Utkarshujjain.com (उत्कर्ष उज्जैन) पोर्टल का उपयोग करने और उत्कर्ष उज्जैन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर रोजगार प्राप्त करने के बारे मे जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य आईटीआई के छात्रों को आवंतिका गैस लिमिटेड के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करना तथा गैस सेक्टर में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में आईटीआई उज्जैन के लगभग 82 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों ने छात्रों को गैस क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार अवसरों, कार्य की प्रकृति एवं करियर विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई। कार्यक्रम के प्रथम चरण में ही लगभग 35 छात्रों ने आवंतिका गैस लिमिटेड के साथ कार्य करने के लिए सहमति प्रदान की, जो इस पहल की सफलता को दर्शाता है।
यदि कोई आईटीआई पासआउट अभ्यर्थी आवंतिका गैस लिमिटेड में कार्य करने का इच्छुक है, तो वह कंपनी के दूरभाष क्रमांक 0731-4222520 पर संपर्क कर सकता है।
आवंतिका गैस लिमिटेड एवं आईटीआई उज्जैन द्वारा इस प्रकार के संयुक्त प्रयास भविष्य में भी जारी रखे जाएंगे, जिससे छात्रों को बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त होंगे तथा उद्योग को प्रशिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा। आईटीआई उज्जैन के प्राचार्य श्री विवेक मिश्रा द्वारा यह जानकारी दी गई एवं कंपनी को इस पहल के लिए धन्यवाद तथा छात्रों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए बधाइयां दी गई।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

No Previous Comments found.