वर्षा ऋतु से पहले निर्माण कार्यों में लाएं तेजी, संभाग आयुक्त ने दिए निर्देश
उज्जैन : संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने शनिवार को सिंहस्थ 2028 के प्रचलित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। संभागायुक्त श्री सिंह ने लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, भवन विकास निगम, पर्यटन विभाग, ऊर्जा विभाग द्वारा सिंहस्थ 2028 में प्रचलित कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर समीक्षा की। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु के पहले जो कार्य आवश्यक है, उन्हें पूर्ण किया जाए। जिससे वर्षा के दौरान कार्य प्रभावित नही हो।
वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी विभाग निर्माण कार्यों की तैयारी करें।
संभाग आयुक्त श्री सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि बारिश के कारण कोई कार्य रुके नहीं, जमीन स्तर के निर्माणाधीन कार्य ऊपर लेकर आए। बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल स्थित कलेक्टर सभागार में सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत प्रचलित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न निर्माण एवं अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी संबंधित कार्य कराने वाले विभाग के अधिकारियों द्वारा दी गई।
संभागायुक्त श्री सिंह ने सेवरखेड़ी-सिलारखेड़ी परियोजना की प्रगति की जानकारी लेने के बाद निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने के पहले आवश्यक कार्य पूर्ण किए जाएं। विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर कार्य प्रगति की जानकारी प्रतिदिन ले। संभागायुक्त ने श्री सिंह ने निर्देश दिए कि कार्य पूर्ण करने की तिथि के पहले कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखें। संबंधित विभाग के अधिकारी मॉनिटरिंग कर कार्य की जानकारी लेकर कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं। संभागायुक्त श्री सिंह ने सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में पर्यटन विभाग के माध्यम से महाकाल लोक के लिए तैयार होने वाली प्रतिमाओं के निर्माण की जानकारी ली। बैठक में बताया गया कि 40 प्रतिमाएं तीन माह में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रतिमाओं की डिजाईन तैयार कर पांच सदस्यीय समिति से अनुमोदन लेने के बाद ही प्रतिमाओं का निर्माण किया जाएगा।
संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि प्रतिमाएं तैयार करने की विस्तृत कार्य योजना बनाकर बैठक में रखी जाए। संभागायुक्त श्री सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण के छोटे कार्यों को जल्दी पूर्ण करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने सभी संबंधित विभागों से कहा कि वे अपने-अपने कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें, जिससे विकास कार्यों में गति एवं पारदर्शिता बनी रहे। बैठक में निर्माण कार्य कराने वाले संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

No Previous Comments found.