मुख्यमंत्री डॉ यादव की संवेदनशील सरकार में प्रशासन सभी के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध
उज्जैन : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश पर कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने आज नवीन भावनात्मक पहल करते हुए जनपद महिदपुर के आंगनवाड़ी केंद्र खेड़ा खजुरिया पहुंचकर बच्चों के साथ समय व्यतीत किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर संवाद किया और उनकी दिनचर्या को समझा। कलेक्टर श्री सिंह और जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट ने बच्चों से उनके नाम, पढ़ाई, पसंदीदा खेल,रंगों और सपनों के बारे में बातचीत की। मासूम बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपनी बातें साझा कीं, जिससे माहौल बेहद आत्मीय और खुशनुमा बन गया। बच्चों की बातों ने सभी का मन मोह लिया।इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने बच्चों को स्टेशनरी का वितरण किया और बच्चों को भारत का स्वर्णिम भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली सीढ़ी है और यहां मिलने वाली शिक्षा व पोषण उनके भविष्य को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की सराहना करते हुए कहा कि वे बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
बच्चों के साथ बिताए गए ये पल कलेक्टर श्री सिंह और जिला पंचायत सीईओ श्री कूमट के लिए भी भावुक कर देने वाले रहे। इस पहल से न केवल बच्चों में उत्साह बढ़ा, बल्कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मनोबल भी ऊंचा हुआ।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने 2018-19 में निर्मित किए गए आंगनवाड़ी भवन का फर्श में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर जांच के निर्देश एसडीएम महिदपुर श्री राजेश बौरासी को दिए।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित


No Previous Comments found.