स्व गणना से नागरिकों के लिए सरल होगी जनगणना
उज्जैन : जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा स्व गणना की शुरुआत 16 अप्रैल से की गई है । स्व गणना 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक की जाएगी। स्व गणना को जिले में सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। इसी क्रम में संभागायुक्त श्री आशीष सिंह एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना प्रक्रिया में भागीदारी कर नागरिकों को जनगणना में भाग लेने का संदेश दिया।
संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि स्व गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि आंकड़ों की शुद्धता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील कि वे इस डिजिटल पहल में बढ़-चढ़कर भाग लें और जनगणना कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि स्व गणना पोर्टल (se.census.gov.in)उपयोग में आसान है और इसे मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से कहीं से भी एक्सेस किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस पहल से जनगणना प्रक्रिया सरल और व्यवस्थित तरीके से पूर्ण हो सकेगी।
कलेक्टर श्री सिंह ने भरोसा जताया कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से जनगणना अधिक प्रभावी और आधुनिक स्वरूप में संपन्न होगी। स्व गणना के दौरान अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा,जिला जनगणना चार्ज अधिकारी श्री तेजेंद्र सिंह, सांख्यिकी विभाग की जिला अधिकारी श्रीमती राजश्री सांकला आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

No Previous Comments found.