संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया

उज्जैन : सिंहस्थ महापर्व 2028 के अंतर्गत विभिन्न विभागों के माध्यम से प्रचलित निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण के तहत गुरुवार को संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने सिंहस्थ मेला क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के आगर रोड़ से खाक चौक तक निर्माणाधीन सड़क चौड़ीकरण कार्य में सड़क के बीच में फूलदार ऐसे पौधे लगाएं जाएं जो अप्रैल-मई महीने में फूल देते है। संभागायुक्त ने निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के विकास कार्य प्रगतिरत है। नियमित निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने सिंहस्थ मेला क्षेत्र के लिए आगर रोड़ चौराहा से खाक चौक चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर कार्य प्रगति की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा दी गई। सड़क चौड़ीकरण कार्य के बाद यह मार्ग दोनों ओर से 12-12 मीटर चौड़ा हो जाएगा। संभागायुक्त ने मार्ग के बीच में फूलदार पौधे लगाने के साथ ही बारिश के पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए है।

संभागायुक्तश्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने शिप्रा नदी के तट समीप श्री रणजीत हनुमान मंदिर से सिंहस्‍थ बायपास वाया ग्राम गोंसा तक 4 लेन निर्माणाधीन सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। मौके पर जानकारी दी गई कि 2.1 किलोमीटर लंबे और 12 मीटर चौड़े मार्ग निर्माण का कार्य प्रगतिरत है। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से की जाए। जिससे कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हो सके। संभागायुक्‍त श्री सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में टेंडर की सभी शर्तों का पालन करते हुए निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए। साथ ही डामर का कार्य वर्षा ऋतु शुरु होने के पहले किया जाए।

संभागायुक्त श्री सिंह, कलेक्टर श्री सिंह ने सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए नईखेड़ी रेलवे स्टेशन से पहुंच मार्ग 1.30 कि.मी. निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर जानकारी दी गई कि सड़क निर्माण में स्क्रेप का कार्य किया जा चुका है। सड़क निर्माण कार्य जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। संभागायुक्‍त श्री सिंह ने करोहन से नईखेडी पंचक्रोशी मार्ग का भी निरीक्षण कर निर्देश दिए कि मार्ग निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए।

रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.