युवावस्था में ही किडनी की समस्या से ग्रस्त मनोहर सिंह को डायलेसिस प्रदान कर स्वस्थ करने हेतु प्रयास किया जा रहा है
उज्जैन : उज्जैन जिले की तहसील तराना के ग्राम पचोला निवासी श्री मनोहर सिंह, उम्र 25 वर्ष, पिता श्री नागु सिंह, युवावस्था में ही किडनी खराब होने व उच्च रक्तचाप की बीमारी से ग्रस्त हैं, जिस कारण इनके शरीर में सूजन बनी रहती थी। ऐसी स्थिति में इस उम्र में जो सामान्य कार्य एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किए जाते हैं, वे मनोहर सिंह द्वारा नहीं किए जा सकते थे। मनोहर सिंह खेती का कार्य करते हैं। किडनी की बीमारी के कारण वे अपनी रोजी-रोटी कमाने में भी असहाय महसूस करने लगे और अपने परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने में असमर्थ होने लगे। मनोहर सिंह को प्राइवेट अस्पताल में दिखाने पर चिकित्सकों द्वारा उनकी किडनी में खराबी बताई गई तथा तुरंत ही उन्हें डायलेसिस की आवश्यकता बताई गई। परिवार द्वारा प्राइवेट अस्पताल में डायलेसिस करवाना प्रारंभ किया गया। जब सप्ताह में दो बार डायलेसिस की आवश्यकता पड़ने लगी और उसका खर्च 3000 से 4000 रुपये प्रति सप्ताह आने लगा, तो पूरा परिवार मानसिक चिंता में पड़ गया। परिवार की आर्थिक स्थिति गड़बड़ाने लगी।
क्षेत्रीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता को इस बात की जानकारी लगी तो स्वास्थ्य कार्यकर्ता द्वारा मनोहर सिंह के परिजनों को बताया कि आप मनोहर सिंह को लेकर जिला चिकित्सालय उज्जैन जाएं। आयुष्मान भारत निरामयम योजना के अंतर्गत पात्रता होने पर उन्हें मनोहर सिंह की बीमारी का निःशुल्क उपचार प्राप्त हो सकेगा। स्वास्थ्य कार्यकर्ता की बातों से प्रेरित होकर मनोहर सिंह के परिजन उसे लेकर जिला चिकित्सालय उज्जैन आए। इसके बाद मनोहर सिंह का पंजीकरण आयुष्मान योजना के अंतर्गत किया गया और वे इसके लिए पात्र पाए गए। आयुष्मान योजना के अंतर्गत मनोहर सिंह का सप्ताह में दो बार निःशुल्क डायलेसिस सिविल अस्पताल माधवनगर उज्जैन की डायलेसिस यूनिट में किया जा रहा है।
अब उनके परिवार को पहले से काफी राहत है कि सप्ताह में दो दिन डायलेसिस का खर्च आयुष्मान भारत निरामयम योजना के अंतर्गत शासन द्वारा वहन किया जा रहा है। डायलेसिस के कारण अब मनोहर सिंह पहले से अच्छा महसूस कर रहे हैं एवं उनके परिवार वाले भी मनोहर सिंह के स्वास्थ्य में सुधार से संतुष्ट हैं। परिवार को आशा है कि मनोहर सिंह स्वस्थ होकर परिवार की जिम्मेदारी निभा सकेंगे। मनोहर सिंह के परिवार वाले इस योजना का लाभ मिलने से बेहद खुश हैं, जिससे कि उन्हें आर्थिक भार का सामना नहीं करना पड़ रहा है।"
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित


No Previous Comments found.