कलेक्टर श्री सिंह ने कृषि कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की मासिक समीक्षा बैठक ली
उज्जैन : कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय सभागृह में कृषि कल्याण तथा कृषि विकास विभाग और अन्य कृषि संबंधित विभागों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की प्रगति, शासन की योजनाओं से किसानों को मिल रहे लाभ पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान कल्याण वर्ष में जिले के कृषि विकास की एकीकृत योजना बना कर आगामी कार्यदिवसों में प्रस्तुत करें। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचाए,किसानों को समय-समय पर प्रशिक्षण देकर उन्हें उन्नत खेती के लिए प्रेरित करें।उन्होंने पीएम फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उर्वरक वितरण ,उपार्जन तथा बीज उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने ई-विकास प्रणाली से शत प्रतिशत उर्वरक वितरण सुनिश्चित करने,नरवाई प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा किसानों को नवीन कृषि पद्धतियों और प्राकृतिक खेती से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में ड्रोन से नैनो उर्वरक का छिड़काव और फसल विविधीकरण को बढ़ावा दिया जाए, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके। साथ ही, मैदानी अमले को सक्रिय रखते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की सतत मॉनिटरिंग की जाए।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए जायद फसल के दौरान ग्रीष्मकालीन उन्नत रामा काले तिल की किस्म की 500 हैक्टेयर में बुआई की गई। ग्रीष्मकालीन तिल का आगामी 03 वर्षों के लिए विशेष प्रोग्राम बनाया गया है। साथ ही सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन आत्मा योजनांतर्गत रबी सीजन में जिले के 48 कृषकों को नवाचार अंतर्गत औषधीय एवं पोषक तत्वों से भरपूर सुपरफूड "चिया सीड" की खेती की शुरुआत की गई है।
बैठक में मत्स्य विभाग की मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना अंतर्गत मत्स्यबीज संवर्धन,स्मार्ट फिश पार्लर,मछुआ प्रशिक्षण आदि योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।बैठक में जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री मत्स्य कृषक समृद्धि सह योजना अंतर्गत 1290 मछुआरों का पंजीयन कर योजना अंतर्गत मत्स्य पालन बीमा , मछुआरों को ऋण सुविधाओं का लाभ सरकार द्वारा मछुआरों को प्रदान किया जा रहा है। बैठक में पशुपालन विभाग,हॉर्टिकल्चर ,आत्मा और अन्य संबंधित विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट,उपसंचालक कृषि श्री यू एस तोमर और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित


No Previous Comments found.