सिंहस्थ के अंतर्गत सभी विभाग अस्थायी निर्माण कार्यों की प्लानिंग बारीकी से करें, कुछ भी कार्य छूटे नहीं- संभागायुक्त श्री सिंह
उज्जैन : संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने शुक्रवार को सिंहस्थ 2028 के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से प्रस्तावित अस्थायी कार्यों की कार्य योजना की समीक्षा की। संभागायुक्त श्री सिंह ने विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ के लिए सभी विभागों के माध्यम से होने वाले अस्थायी कार्यों की कार्य योजना बारीकी से तैयार करें, कहीं भी कोई आवश्यक कार्य छूटे नहीं। सिंहस्थ के लिए अस्थायी कार्य महत्वपूर्ण है, इसका ध्यान रखा जाए। संभागायुक्त श्री सिंह ने सिंहस्थ के दौरान पंचक्रोशी यात्रा के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं की कार्य योजना भी सभी विभागों से समन्वय बनाकर रखने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह भी मौजूद थे।
सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल के कलेक्टर सभागार में शुक्रवार को संभागायुक्त श्री सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा सिंहस्थ 2028 के लिए अस्थायी प्रकृति के कार्यों के लिए तैयार की गई कार्य योजना की समीक्षा की। बैठक में होमगार्ड विभाग द्वारा होमगार्ड और एसडीईआरएफ के माध्यम से सिंहस्थ के दौरान जल आपदा प्रबंधन के लिए तैयार की गई कार्य योजना प्रस्तुत की गई। कार्ययोजना में होमगार्ड और सिविल डिफेंस को तैनात करने के पहले प्रशिक्षण देने, आपदा के दौरान बचाव के लिए उपकरण खरीदी करने, अन्य आवश्यक संसाधनों की खरीदी करने सहित घाट, मेला क्षेत्र और पार्किंग स्थल व अन्य स्थानों पर तैनात रहने वाले जवानों की जानकारी प्रस्तुत की गई। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि होमगार्ड और सिविल डिफेंस के लिए दिए जाने वाले प्रशिक्षण की लोकेशन तय कर लें। जहां जवानों को तैनात किया जाना है, वही उन्हें प्रशिक्षण दिया जाए। जिससे जवानों को उस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी भी रहे। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि शिप्रा नदी में बनाए गए 29 किलोमीटर के नए घाटों को भी कार्य योजना में जोड़ लें। बैठक में उर्जा विभाग द्वारा प्रस्तुत अस्थायी कार्यों की कार्य योजना में विभाग के माध्यम से मेला और शहरी क्षेत्र में सतत विद्युत प्रदाय के लिए शहरी क्षेत्र व सिंहस्थ मेला क्षेत्र के लिए अति उच्च दाब के उपकेंद्र, अतिरिक्त वितरण ट्रांसफार्मर लगाने, जनरेटरों की व्यवस्था, कंट्रोल रूम की व्यवस्था करने के अलावा मेला क्षेत्र में कार्य के दौरान उपस्थित रहने वाले अधिकारी व कर्मचारियों की जानकारी दी गई। इसी तरह पीएचई विभाग द्वारा पेयजल व्यवस्था के लिए जरूरी आवश्यक संसाधन तैयार करने की जानकारी दी गई। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ के शहरी क्षेत्र और मेला क्षेत्र में विद्युत उर्जा की खपत का आंकलन सही रूप से कर लें। पिछले सिंहस्थ के दौरान हुई उर्जा खपत को भी देख लें।
बैठक में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सिंहस्थ 2028 के लिए तैयार की गई अस्थायी कार्यों की कार्य योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि मेला क्षेत्र के 130 किलोमीटर के एरिया में पार्किंग, सर्विस रोड़, भूमिगत केबल के लिए पाइप लाईन डालने, मेला क्षेत्र में पेबर ब्लाक लगाने सहित अन्य अस्थायी प्रकृति के कार्य किए जाना है। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में जहां भी पेबर ब्लाक लगाए जाना है, वहां पहले स्थान का चयन कर लें। पेवर ब्लाक लगाने के लिए अधिक चलने वाले मार्गों का चयन किया जाए। बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा सिंहस्थ के दौरान स्वास्थ्य सेवा के लिए उपयोगी कार्यों की योजना और जिला पंचायत द्वारा सिंहस्थ के दौरान पंचक्रोशी यात्रा के समय होने वाले अस्थायी प्रकृति के कार्यों की कार्ययोजना प्रस्तुति की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांस कूमट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

No Previous Comments found.