विश्व विरासत दिवस पर त्रिवेणी संग्रहालय में आयोजित विशेष म्यूजियम वॉक आयोजित
उज्जैन - विश्व विरासत दिवस के अवसर पर त्रिवेणी कला एवं पुरातत्व संग्रहालय,में एक विशेष म्यूजियम वॉक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 60 प्रतिभागियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। विश्व विरासत दिवस प्रतिवर्ष 18 अप्रैल को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1982 में अंतरराष्ट्रीय स्मारक एवं स्थल परिषद (ICOMOS) द्वारा की गई थी, जिसे बाद में यूनेस्को ने भी मान्यता प्रदान की। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य विश्व की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके महत्व को जन-जन तक पहुँचाना है। कार्यक्रम के दौरान संग्रहालय के क्यूरेटर श्री योगेश पाल तथा श्री आदित्य चौरसिया ने प्रतिभागियों को संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं, दुर्लभ प्रतिमाओं,पेंटिंग्स तथा कला प्रदर्शों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने संग्रहालय की स्थापना, उसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व तथा वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर भी प्रकाश डाला। म्यूजियम वॉक के माध्यम से प्रतिभागियों को क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को निकट से समझने और उससे जुड़ने का सुंदर अवसर प्राप्त हुआ। यह आयोजन जन सामान्य में विरासत संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
रिपोर्टर:- साँवर शर्मा

No Previous Comments found.