सिंहस्थ के प्रमुख स्नान वाले दिन वैष्णव अखाड़ों की पेशवाई के आने-जाने के वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए जाएं-संभागायुक्त श्री सिंह
उज्जैन : संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने नियमित निरीक्षण के दौरान शनिवार को रामादल अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत श्री रामेश्वरदास महाराज के साथ वैष्णव अखाड़ा के पेशवाई मार्ग का निरीक्षण किया। सिंहस्थ महापर्व के दौरान प्रमुख स्नान पर वैष्णव अखाड़ों की पेशवाई खाकचौक से प्रारंभ होकर शिप्रा तट रामघाट तक पहुंचती है। संभागायुक्त श्री सिंह ने मार्ग निरीक्षण के बाद निर्देश दिए कि वैष्णव अखाड़ों की पेशवाई के आने-जाने के लिए प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का चयन भी करें, जिससे भीड़ प्रबंधन में परेशानी नही हो।
सिंहस्थ 2028 महापर्व के दौरान वैष्णव अखाड़ों के शिविर मंगलनाथ मंदिर क्षेत्र में लगते है। प्रमुख स्नान के दौरान वैष्णव अखाड़े के संत-महंत पेशवाई के रूप में शिप्रा नदी के रामघाट पहुंचकर स्नान करते है। शनिवार को नियमित निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह और रामादल अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत श्री रामेश्वरदास महाराज ने वैष्णव अखाड़ों के पेशवाई मार्ग श्री मंगलनाथ मंदिर मार्ग खाक चौक से निकास चौराहा, सतीगेट, गोपाल मंदिर, पटनीबाजार से कहारवाड़ी होकर रामघाट तक पहुंचने के मार्ग का निरीक्षण किया। महंत श्री रामेश्वरदास महाराज ने जानकारी दी कि रामघाट पर वैष्णव अखाड़ों के संत-महंत प्रमुख स्नान के बाद अपने वाहनों से हरसिद्धि की पाल रामानुज कोट से शिविर स्थल की ओर रवाना होते है। महाराज श्री ने वैकल्पिक मार्ग रखने का भी सुझाव दिया। संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि वैष्णव अखाड़ों की पेशवाई के आने-जाने के लिए प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का निर्धारण कराएंगे, जिससे श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ होने और पेशवाई के आने-जाने के दौरान परेशानी न हो। प्रस्तावित वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण होने से भीड़ प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संकल्पना के अनुसार इस बार सिंहस्थ 2028 महापर्व का विश्व स्तरीय आयोजन होगा। सिंहस्थ के दौरान विश्वभर से करोड़ों श्रद्धालुओं का आगमन होगा। पर्व और प्रमुख स्नान तिथि के दौरान अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सिंहस्थ के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही है। प्रशासन द्वारा अभी से भीड़ प्रबंधन की दिशा में कार्य किया जा रहा है। महापर्व के दौरान आने वाले संत-महंतों और करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधोसंरचना के विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेज गति से पूर्ण किया जा रहा है।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित


No Previous Comments found.