कार्य में लापरवाही के लिए अवंतिका गैस कंपनी को नोटिस जारी करने के निर्देश

उज्जैन :  संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने नियमित निरीक्षण के दौरान मंगलवार को सिंहस्थ 2028 के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान औद्योगिक क्षेत्र मक्सी रोड़ ब्रिज के समांतर निर्माणाधीन ब्रिज कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि ब्रिज निर्माण के लिए अवंतिका गैस कंपनी की गैस पाइप लाइन नहीं हटाई गई है, जिसके कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। संभागायुक्त श्री सिंह ने अवंतिका गैस कंपनी को कार्य में लापरवाही करने पर नोटिस जारी कर सख्त कार्यवाही की चेतावनी देने के निर्देश मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिए है। संभागायुक्त ने कहा कि सिंहस्थ के लिए प्रचलित कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर आगामी सिंहस्थ 2028 के तहत शहर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधोसंरचना विकास के कार्य प्रगतिरत है। संभागायुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने सिंहस्थ कार्यों के नियमित निरीक्षण के तहत मंगलवार को मक्सी रोड़ ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उज्जैन- मक्सी रोड़ पर पुराने समपार क्र.2 पूर्व ब्रिज के समानांतर उज्जैन-इंदौर रेल सेक्शन पर आईटीआई के सामने टू-लेन अतिरिक्त आरओबी का निर्माण किया जा रहा है। इस ब्रिज की लंबाई 684 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर है। मौके पर कार्य प्रगति की जानकारी देते हुए निर्माण एजेंसी द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व में अवंतिका गैस कंपनी की गैस पाईप अप्रैल माह तक हटाने के लिए निर्देश दिए गए थे, लेकिन कंपनी द्वारा जमीन के नीचे से गैस पाइप लाइन नहीं हटाने से ब्रिज निर्माण का कार्य प्रभावित हो रहा है।  संभागायुक्त श्री सिंह ने अवंतिका गैस कंपनी द्वारा कार्य में लापरवाही किए जाने पर नोटिस जारी कर सख्त कार्यवाही की चेतावनी के निर्देश दिए। वहीं मौके पर आए गैस कंपनी के अधिकारी को भी गैस पाइप लाईन शीघ्र अन्य स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए है।

संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने इसके बाद नृसिंह घाट के समीप निर्माणाधीन ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद इंजीनियर द्वारा कार्य प्रगति की जानकारी दी। नृसिंह घाट पर पूर्व से निर्मित ब्रिज के समानांतर नवीन ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। ब्रिज की लंबाई 125 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर है। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि ब्रिज निर्माण कार्य में उपयोग में आने वाली निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच नियमित रूप से की जाए। बारिश के मौसम के पहले ब्रिज निर्माण का नदी क्षेत्र का कार्य पूर्ण करा लिया जाए, जिससे बारिश के दौरान कार्य प्रभावित नहीं हो।

रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.