सीईओ जिला पंचायत द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई
उज्जैन : मंगलवार को सीईओ जिला पंचायत द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई करते हुए प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए गए।
श्रीराम कॉलोनी यंत्र महल निवासी गंगाराम मेहर ने आवेदन दिया कि उन्होंने एक व्यक्ति के साथ पार्टनरशीप में पेंटिंग, साईन बोर्ड आदि का कार्य प्रारंभ किया था। व्यक्ति द्वारा झूठ बोलकर उन्हें कर्जा दिलवाया गया तथा वर्तमान में वह व्यक्ति कर्ज में लिए हुए रुपए को लेकर भाग गया है। इस पर थाना प्रभारी नीलगंगा को मामले की जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
किशनपुरा निवासी राहुल राव ने आवेदन दिया कि उनके पैतृक आवासीय भूखंड पर एक व्यक्ति द्वारा झूठे दस्तावेज का उपयोग कर कब्जा कर लिया गया है तथा उन्हें मकान का निर्माण नहीं करने दिया जा रहा है। कुछ दिन पूर्व आवेदक के साथ मारपीट भी की गई है। इस पर थाना प्रभारी माधवनगर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
खाचरौद के ग्राम नंदीयासी निवासी अर्जुन सिंह चावड़ा ने आवेदन देकर शिकायत की कि ग्राम पंचायत चंदवासला में पदस्थ सचिव के द्वारा शासकीय भवन के निर्माण के लिए प्रदत्त की गई राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है और बहुत से कार्य वर्तमान में अपूर्ण है। इस पर सीईओ जनपद पंचायत खाचरौद को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम बड़ागांव तहसील खाचरौद निवासी मेहरबान सिंह ने आवेदन दिया कि गांव में स्थित शासकीय भूमि पर कुछ लोगों के द्वारा अवैध रुप से अतिक्रमण कर मकान का निर्माण करने का प्रयास किया जा रहा है। इस पर एसडीएम खाचरौद को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार एडीएम श्री अत्येन्द्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा अन्य मामलों में जनसुनवाई की गई।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित


No Previous Comments found.