जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत नदी संवाद एवं श्रमदान कार्यक्रम सम्पन्न
उज्जैन : मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड तराना के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम सामानेरा में ब्राह्मणी माता मंदिर स्थित काली सिंध नदी के घाट पर नदी संवाद एवं श्रमदान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को जल संरक्षण के महत्व, नदियों की स्वच्छता तथा पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। नदी संवाद के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को जल संकट की गंभीरता समझाते हुए सामूहिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद से संबंधित श्री जय दीक्षित विकासखंड समन्वयक श्री संदीप मालवीय, परामर्शदाता श्री जगदीश राठौर, समिति अध्यक्ष श्री घनश्याम शर्मा, श्री पंकज गिरी गोस्वामी, श्री रवि गिरी, श्री मानक शर्मा, श्री तरुण गिरी सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इस दौरान सभी उपस्थितजनों ने श्रमदान कर नदी घाट की साफ-सफाई की तथा जल संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर जल संरक्षण की शपथ ली और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित


No Previous Comments found.