सीएमएचओ डॉ. पटेल द्वारा निर्माणाधीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
उज्जैन - मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल द्वारा 13 मई 2026 को उज्जैन शहर के भेरुगढ़ क्षेत्र में निर्माणाधीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान सिंहस्थ महापर्व 2028 में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को दिए गए। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने एवं तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ब्रजेश त्रिपाठी द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ संयुक्त रूप से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उन्हेल का भी निरीक्षण किया गया। स्वास्थ्य केंद्र में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) भवन का अवलोकन कर भवन की आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र करवाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न विभागों, वार्डों एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया गया तथा भर्ती मरीजों से चर्चा कर उन्हें प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की गई। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन भी किया गया, जिसमें दोनों विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने, हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच एवं उचित प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में क्षेत्र के कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर भर्ती कराने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक में दोनों विभागों के समन्वय से कार्य करने, गर्भवती पंजीयन संबंधी डेटा में एकरूपता बनाए रखने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। संस्था में आने वाले मरीजों के प्रति मधुर व्यवहार रखने, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने, समस्त आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पैथोलॉजी जांच सेवाओं को गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य संस्था में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने, समस्त अभिलेख एवं रिकार्ड अद्यतन रखने तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय पर रहकर कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान उपयंत्री श्रीमती नेहा निर्मल सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
रिपोर्टर - यशपाल दीक्षित


No Previous Comments found.