तैयारियों के लिए आवश्यक बैठक आयोजित

उज्जैन - मोक्षदायिनी शिप्रा नदी की पावन ‘क्षिप्रा परिक्रमा’ का भव्य आयोजन इस वर्ष 25 एवं 26 मई को किया जाएगा। यह यात्रा का 23वा वर्ष है। आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को शहर की स्‍थानीय होटल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। यात्रा में महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ, संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश शासन  द्वारा सभी गतिविधियों एवं सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता की जाएगी। बैठक में यात्रा के सफल संचालन, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम की जानकारी यूडीए अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी द्वारा दी गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 मई को राम घाट पर विधिवत पूजन-अर्चन के साथ यात्रा का शुभारंभ और 26 मई को समापन होगा।  इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और यात्रा को ध्वज दिखाकर रवाना करेंगे। यह परिक्रमा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि शिप्रा नदी के संरक्षण, स्वच्छता और उसके अविरल प्रवाह को बनाए रखने के उद्देश्य से एक जन-जागरूकता अभियान भी है। यात्रा के माध्यम से आमजन को नदी संरक्षण, जल स्रोतों के महत्व, पर्यावरण संतुलन तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से शिप्रा के प्रति श्रद्धा और जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा।

यात्रा के दौरान एक पुरातत्वविदों का दल मार्ग में स्थित ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का अध्ययन करेगा, वहीं एक अन्य दल खाली स्थानों पर बीजारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा। इससे हरित क्षेत्र बढ़ाने और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने की दिशा में भी सकारात्मक पहल होगी।

बैठक में आयोजन से जुड़े अनेक प्रमुख जन उपस्थित रहे, जिनमें श्री नरेश शर्मा (सचिव, शिप्रा लोक संस्कृति समिति), श्री नारायण यादव ‘दादा’, अध्यक्ष, मप्र कुश्ती महासंघ, श्री राजेश सिंह कुशवाह, कार्यपरिषद सदस्य, सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, श्री संजय अग्रवाल, कमल बैरवा, श्री वीरेंद्र आंजना, श्री सतीश सिंघल एवं श्री आनंद खींची शामिल रहे।

आयोजकों ने नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं युवाओं से इस धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्व की यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर शिप्रा नदी के संरक्षण एवं उसके सतत प्रवाह को बनाए रखने के इस जन-अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।

रिपोर्टर - यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.