जिले में अवैध स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध अभियान जारी
उज्जैन : मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल जिला उज्जैन द्वारा बताया गया है कि जिले में अवैध रूप से संचालित क्लिनिक, अस्पताल एवं स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध लगातार सघन जांच एवं कार्यवाही की जा रही है। जिले में गठित विशेष जांच दल द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सतत निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 10 मई से 16 मई तक जांच दल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया गया।
जिसमें शहरी क्षेत्र कुल 68 स्थानों पर जांच की गई जिसमे 29 पंजीयन पाए गए एवं 39 अपंजीकृत पाए गए तथा ग्रामीण क्षेत्र में कुल 51 स्थान पर जांच की गई, जिसमे पंजीकृत 16 एवं अपंजीकृत 35 पाए गए l साथ ही जिले मे जांच दल द्रारा उज्जैन शहर के आदिनाथ क्लीनिक लक्ष्मी नगर उज्जैन एवं शिफा क्लीनिक महिदपुर को सील की कार्यवाई की गई l
निरीक्षण के दौरान कई स्वास्थ्य संस्थान बिना वैध पंजीयन, आवश्यक अनुमति एवं निर्धारित मापदंडों के विपरीत संचालित पाए गए। ऐसे संस्थानों द्वारा मध्यप्रदेश उपचर्या गृह तथा रूजोपचार संबंधी स्थापनाएं अधिनियम 1973 के प्रावधानों का उल्लंघन किया जाना पाया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल द्वारा बताया गया कि चिन्हित अवैध अस्पतालों एवं क्लिनिक संचालकों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। आवश्यकतानुसार संबंधित संस्थानों को बंद कराने, दस्तावेज जांच, पंजीयन सत्यापन एवं अन्य वैधानिक कार्यवाही भी की जा रही है।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि उपचार हेतु केवल पंजीकृत एवं अधिकृत अस्पतालों एवं क्लिनिक में ही जाएं तथा किसी भी अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्था की जानकारी मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी, ताकि मरीजों के स्वास्थ्य एवं जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित


No Previous Comments found.