आर.के. बंसल इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित किया व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम

उज्जैन : ऑपरेशन सेफ क्लिक अभियान 2.0 के तहत उज्जैन पुलिस ने आर.के. बंसल इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित किया व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम, 200 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर फ्रॉड से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री आलोक शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे से किया जागरूक, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, साइबर बुलिंग, ओटीपी फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर दिए महत्वपूर्ण सुरक्षा संदेश।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित किए जा रहे "ऑपरेशन सेफ क्लिक अभियान 2.0" के अंतर्गत आज उज्जैन पुलिस द्वारा आर. के. बंसल इंटरनेशनल स्कूल, उज्जैन में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने हेतु एक विशेष साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री आलोक शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में थाना प्रभारी जीवाजीगंज निरीक्षक श्री विवेक कनोडिया एवं उपनिरीक्षक श्री प्रतीक यादव सहित पुलिस स्टाफ भी उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान लगभग 200 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ ने सहभागिता की। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आलोक शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा डिजिटल सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का उपयोग सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि, फर्जी लिंक, अज्ञात कॉल, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी अथवा व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

विद्यार्थियों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होने वाले विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड जैसे फर्जी आईडी, साइबर बुलिंग, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, निवेश एवं पार्ट-टाइम जॉब फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, ओटीपी फ्रॉड तथा अन्य ऑनलाइन ठगी के तरीकों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही इन अपराधों से बचाव के उपाय, आवश्यक सावधानियां एवं साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल अपनाई जाने वाली कार्यवाही से भी सभी को अवगत कराया गया।

▪️कार्यक्रम को अधिक सहभागितापूर्ण एवं रोचक बनाने हेतु विद्यार्थियों के बीच साइबर सुरक्षा विषयक प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पूछे गए प्रश्नों के सही एवं संतोषजनक उत्तर दिए। उत्कृष्ट उत्तर देने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने एवं अन्य लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से साइबर अपराध की तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने, किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को साइबर सुरक्षा एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

उज्जैन पुलिस द्वारा "ऑपरेशन सेफ क्लिक अभियान 2.0" के अंतर्गत जिले में विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य स्थानों पर निरंतर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखा जा सके तथा एक सुरक्षित डिजिटल समाज का निर्माण किया जा सके ।

रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.