बिछड़ी 76 वर्षीय वृद्ध महिला को अंतर-जिला समन्वय एवं सतत प्रयासों के बाद सकुशल परिजनों से मिलाया
उज्जैन : महाकाल थाना पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से महाकाल दर्शन के दौरान परिजनों से बिछड़ी 76 वर्षीय वृद्ध महिला को अंतर-जिला समन्वय एवं सतत प्रयासों के बाद सकुशल परिजनों से मिलाया गया। दिनांक 31.07.2026 को इसके वृद्ध महिला अपने परिजनों से बिछड़ जाने के कारण गढ़कालिका मंदिर के समीप रोती हुई अवस्था में घूम रही थी । अंगारेश्वर मंदिर में पूजा करने आए श्रद्धालु श्याम शर्मा, निवासी ग्राम लालाखेड़ी, थाना माकड़ोन, जिला उज्जैन ने मानवता का परिचय देते हुए वृद्ध महिला से पूछताछ की। महिला ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ दो मोटर कारों से महाकाल एवं उज्जैन दर्शन हेतु आई थीं, लेकिन भीड़भाड़ के दौरान परिवार से बिछड़ गईं।
श्रद्धालु द्वारा आसपास काफी तलाश करने के बाद भी परिजन नहीं मिलने पर वृद्ध महिला को सुरक्षित थाना महाकाल लाया गया तथा पुलिस को सुपुर्द किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी महाकाल श्री गगन बादल द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक श्री चंद्रभान सिंह एवं पुलिस टीम को तत्काल वृद्ध महिला के परिजनों की तलाश हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस टीम द्वारा महाकाल मंदिर क्षेत्र, आसपास के पार्किंग स्थलों एवं संभावित स्थानों पर खड़ी वाहनों की जांच एवं तलाश की गई।
पूछताछ में वृद्ध महिला ने अपना नाम रमाबाई पत्नी श्री गजराज सिंह राजपूत, उम्र 76 वर्ष, निवासी ग्राम संगवाड़ा, थाना शेगांव माखन, तहसील पंधाना, जिला खंडवा (म.प्र.) बताया।
महिला के बताए पते के आधार पर थाना महाकाल पुलिस द्वारा थाना शेगांव माखन के थाना प्रभारी श्री एस.एन. पांडे से संपर्क स्थापित किया गया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से महिला के गांव एवं परिजनों से संपर्क किया गया। तत्पश्चात मोबाइल के माध्यम से उज्जैन दर्शन के लिए आए उनके परिवारजनों से संपर्क स्थापित हुआ।
परिवारजनों को सूचना देकर थाना महाकाल बुलाया गया। आवश्यक पहचान एवं सत्यापन की कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत वृद्ध महिला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपनी बुजुर्ग सदस्य को सुरक्षित पाकर परिवारजनों ने महाकाल पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
उज्जैन पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करती है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने परिजनों, विशेषकर बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल निकटतम पुलिस सहायता केंद्र अथवा थाना महाकाल से संपर्क करें।
रिपोर्टर : यशपाल दीक्षित
No Previous Comments found.