कीचड़ और अतिक्रमण से परेशान माधोपुरा के किसानों ने कलेक्टर से लगाई गुहार
उज्जैन : ग्राम माधोपुरा के किसानों ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर रोशन कुमार सिंह को आवेदन सौंपकर खेतों तक जाने वाले मार्ग से अतिक्रमण हटाने और कीचड़ की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
किसानों ने बताया कि माधोपुरा स्कूल से होकर माधोपुरा-रुणीजा क्षेत्र के खेतों तक जाने वाला मार्ग अतिक्रमण के कारण काफी संकरा हो गया है। इसी रास्ते से गांव का पानी करीब दो किलोमीटर दूर नाले तक पहुंचता है, जिससे पूरे वर्ष मार्ग पर पानी बहता रहता है। बारिश के दौरान और उसके बाद लगभग दो माह तक रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे किसानों को खेतों तक पहुंचने और कृषि कार्य करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर 27 अप्रैल 2026 को ग्राम गजनीखेड़ी में आयोजित ग्राम चौपाल के दौरान भी कलेक्टर रोशन कुमार सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमठ के समक्ष मामला उठाया गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो सका।
समस्या के निराकरण की मांग को लेकर सरपंच सत्यनारायण नागर, देवीलाल नागर, सरवन नागर, किशोर नागर, बलराम नागर, ज्ञानचंद नागर, गोपाल नागर, विशाल नागर, प्रवीण, तरुण, अर्जुन नागर, मुन्नालाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे और पुनः आवेदन सौंपा।
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने ग्रामीणों को मामले का शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
रिपोर्टर : विजय सोलंकी
No Previous Comments found.