सिंहस्थ-2028 हेतु पुलिस बल को फील्ड आधारित एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण—महाकालेश्वर मंदिर सहित प्रमुख स्थलों पर ड्यूटी अनुभव से किया जा रहा दक्ष।
उज्जैन - आगामी सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए जिला पुलिस उज्जैन द्वारा पुलिस सिंहस्थ प्रशिक्षण केन्द्र में मध्यप्रदेश पुलिस की विभिन्न इकाइयों से आए नव प्रशिक्षित आरक्षकों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान प्रभावी एवं संवेदनशील पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर संचालित किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों एवं पुलिस इकाइयों से उज्जैन आए नव प्रशिक्षित आरक्षकों को सिंहस्थ-2028 की ड्यूटी के लिए विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक लगभग 180 आरक्षकों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है तथा शेष आरक्षकों का प्रशिक्षण भी लगातार जारी है।
आरक्षकों को प्रतिदिन प्रातःकाल से दोपहर तक पुलिस सिंहस्थ प्रशिक्षण केन्द्र में सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें भीड़ प्रबंधन, कानून एवं व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की भूमिका, यातायात व्यवस्था, धार्मिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा, संचार एवं समन्वय तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
▪️प्रशिक्षण को केवल कक्षा तक सीमित न रखते हुए आरक्षकों को व्यवहारिक एवं फील्ड आधारित अनुभव भी प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के उपरांत उन्हें उज्जैन शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर ड्यूटी हेतु भेजा जा रहा है, जिससे वे वास्तविक परिस्थितियों में पुलिस व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन का अनुभव प्राप्त कर सकें।
इस क्रम में प्रशिक्षणरत आरक्षकों को श्री महाकालेश्वर मंदिर, रामघाट सहित अन्य प्रमुख धार्मिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर ड्यूटी एवं फील्ड अनुभव प्रदान किया जा रहा है। इससे आरक्षक प्रमुख स्थलों की व्यवस्थाओं, प्रवेश-निकास मार्गों तथा भीड़ प्रबंधन की व्यवहारिक आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
▪️इस विशेष प्रशिक्षण का उद्देश्य सिंहस्थ-2028 के लिए पुलिस बल को पूर्व से ही मानसिक एवं व्यवहारिक रूप से तैयार करना है, ताकि महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। प्रशिक्षण के माध्यम से आरक्षकों में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समन्वय क्षमता एवं जनसेवा की भावना विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
▪️प्रशिक्षण कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक श्री रणजीत सिंह, सूबेदार श्रीमती स्वाति कामले, उप निरीक्षक श्रीमती देविका खरे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षणरत आरक्षकों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता एवं जनसेवा की भावना के साथ कर्तव्य निर्वहन हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
जिला पुलिस उज्जैन द्वारा सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के अंतर्गत इस प्रकार के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जा रहे हैं, जिससे विभिन्न इकाइयों से आने वाले पुलिसकर्मियों को उज्जैन की परिस्थितियों एवं सिंहस्थ की विशेष आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित कर एक सक्षम एवं प्रभावी पुलिस बल तैयार किया जा सके।
रिपोर्टर - यशपाल दीक्षित
No Previous Comments found.