KG स्कूल की फीस सुन उड़ जाएंगे होश: ट्विंकल-ट्विंकल सीखने के लिए 2.25 लाख
भारत में शुरुआती शिक्षा की लागत तेजी से बढ़ती जा रही है, और इसका ताजा उदाहरण एक सोशल मीडिया पोस्ट से सामने आया है जिसने लोगों के बीच नई बहस छेड़ दी है। एक सॉफ्टवेयर डेवलपर साक्षी ने एक्स पर एक निजी स्कूल की KG (किंडरगार्टन) क्लास की फीस डिटेल साझा की, जिसके बाद यह मामला वायरल हो गया।
पोस्ट के अनुसार, सिर्फ नर्सरी स्तर की पढ़ाई के लिए कुल खर्च करीब 2.25 लाख रुपये बताया गया है, जिसे देखकर कई लोग हैरान रह गए। साक्षी ने इसे व्यंग्यात्मक अंदाज में “Twinkle Twinkle सीखने की कीमत” बताया, जिसके बाद यह मुद्दा तेजी से चर्चा में आ गया।
फीस स्ट्रक्चर पर नजर डालें तो इसमें लगभग 15,000 रुपये एडमिशन फीस, 33,000 रुपये कॉशन मनी (जो नॉन-रिफंडेबल बताई गई है) और करीब 2.25 लाख रुपये सालाना ट्यूशन व अन्य शुल्क शामिल हैं। इसके अलावा यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और कैंटीन जैसे खर्च अलग से होने के कारण कुल बोझ और बढ़ जाता है।
इस पोस्ट के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने इसे चिंता का विषय बताते हुए कहा कि शिक्षा अब आम परिवारों की पहुंच से बाहर होती जा रही है और इस पर नियंत्रण की जरूरत है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि प्राइवेट स्कूल आधुनिक सुविधाएं जैसे एयर-कंडीशन्ड क्लासरूम, स्पोर्ट्स एक्टिविटी और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर देते हैं, जिसकी वजह से फीस ज्यादा होती है।इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या शुरुआती शिक्षा धीरे-धीरे एक “लग्जरी सर्विस” बनती जा रही है।


No Previous Comments found.