UKG की फीस 4 लाख! मुंबई के स्कूल की Fees सुनकर भड़के लोग, वायरल पोस्ट ने खोली शिक्षा की सच्चाई
मुंबई में प्री-स्कूल शिक्षा की बढ़ती लागत ने हाल ही में एक नई बहस को जन्म दिया है। IIT बॉम्बे के पूर्व छात्र और प्री-सीड वेंचर कैपिटल फर्म AJVC के संस्थापक, अविरल भटनागर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर साझा किया कि उनके कज़िन की बेटी की UKG की सालाना फीस 4 लाख रुपये से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि यह रकम उनके IIT बॉम्बे के पूरे चार साल के बीटेक की फीस से भी ज्यादा है। भटनागर ने इसे “छिपी हुई महंगाई” बताया और संभावना जताई कि भविष्य में AI ट्यूटर शिक्षा को और सस्ता और आसान बना सकते हैं।
सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
पोस्ट के वायरल होते ही यह चर्चा में आ गई, और एक दिन में 79,000 से अधिक व्यूज़ हासिल कर ली। सोशल मीडिया यूजर्स ने बढ़ती शिक्षा लागत पर अपने विचार साझा किए। कुछ ने कहा कि भारत में शिक्षा, शादी और मेडिकल सेवाएँ अब सबसे ज्यादा मुनाफे वाला व्यवसाय बन गई हैं। वहीं, कई लोगों ने इसे महंगाई नहीं बल्कि “स्टेटस इन्फ्लेशन” बताया। उनके अनुसार, महंगे स्कूल में दाखिला अक्सर सामाजिक प्रतिष्ठा और माता-पिता की पसंद से जुड़ा होता है। एक यूजर ने लिखा कि अगर कोई अभिभावक सालाना 4 लाख रुपये देने में सक्षम है, तो यह उनकी जीवनशैली का हिस्सा है, मजबूरी नहीं।

क्या AI और होमस्कूलिंग बने विकल्प?
इस बहस के बीच वैकल्पिक शिक्षा मॉडल पर भी चर्चा हुई। कुछ यूजर्स ने होमस्कूलिंग को किफायती और प्रभावी विकल्प बताया, जबकि कई ने माना कि आने वाले समय में AI आधारित लर्निंग टूल्स शिक्षा की लागत घटा सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि डिजिटल शिक्षा और पर्सनलाइज्ड AI ट्यूटर भविष्य में शिक्षा को ज्यादा किफायती और सभी के लिए सुलभ बना सकते हैं। फिलहाल, महानगरों में प्राइवेट स्कूलों की बढ़ती फीस अभिभावकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।


No Previous Comments found.