मुंब्रा में ईद पर पुलिस का अनोखा अंदाज़, गुलाब देकर दिया भाईचारे का संदेश
मुंब्रा : में ईद-उल-फितर का त्योहार इस बार खास अंदाज़ में मनाया गया, जहां इबादत के साथ-साथ भाईचारे और सौहार्द की एक सुंदर मिसाल भी देखने को मिली। दारुलफलाह मस्जिद के बाहर नमाज़ के बाद पुलिस प्रशासन ने मुस्लिम बांधवों को गुलाब का फूल देकर ईद की मुबारकबाद दी। यह पहल ठाणे पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत मुंब्रा पुलिस थाना क्षेत्र में की गई, जिसने लोगों के बीच सकारात्मक संदेश फैलाया। पुलिस के इस अनोखे अंदाज़ ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। इस मौके पर मुंब्रा पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल शिंदे, डीसीपी सुभाष बुरसे, एसीपी प्रिया डमले सहित पुलिस और ट्रैफिक विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने खुद आगे बढ़कर लोगों को गुलाब भेंट किए और ईद की शुभकामनाएं दीं।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में भाईचारा, आपसी विश्वास और एकता को मजबूत करते हैं। लोगों का मानना है कि पुलिस और जनता के बीच इस तरह का संवाद सकारात्मक माहौल बनाने में मदद करता है।
ईद के इस खास मौके पर मुंब्रा पुलिस की यह पहल एक मिसाल बनकर सामने आई है, जो यह दर्शाती है कि त्योहार केवल खुशियां बांटने का ही नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का भी माध्यम है।
रिपोर्टर : साबीर शेख
No Previous Comments found.