अंबरनाथ में महिला कल्याण केंद्र को मिली मंजूरी, अब बनेगा सुरक्षित हॉस्टल व कैंटीन; अब्दुलभाई शेख के प्रयास सफल
अंबरनाथ : अंबरनाथ नगर परिषद की 30 सितंबर 2026 को हुई सर्वसाधारण सभा में महिला कल्याण से जुड़ा एक अहम फैसला लिया गया। प्रस्ताव क्रमांक 22 और 23 के तहत पूर्व भाग में प्रस्तावित कनेक्टिंग रोड और आरक्षण क्रमांक 129 पर “महिला कल्याण केंद्र” के लिए जमीन की माप (मोजणी) को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।
इस फैसले के बाद अब इस जगह पर महिलाओं के लिए हॉस्टल और कैंटीन बनाने का रास्ता साफ हो गया है। यह पहल शहर में पढ़ाई, नौकरी या व्यवसाय के लिए आने वाली महिलाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस मुद्दे को लेकर शिवसेना के वरिष्ठ नगरसेवक अब्दुलभाई शेख लगातार प्रयास कर रहे थे। उन्होंने 28 मई 2025 को प्रस्ताव दिया था और 24 जून 2026 को स्मरणपत्र देकर इस मामले को आगे बढ़ाया।
प्रशासनिक मंजूरी और आगे की प्रक्रिया
सभा में पारित प्रस्ताव के अनुसार, महिला कल्याण केंद्र के लिए आरक्षित भूमि की माप उपअधीक्षक भूमि अभिलेख, अंबरनाथ के माध्यम से कराई जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी भी दी गई है। आवश्यक दस्तावेज, शुल्क भुगतान और आगे की प्रक्रिया पूरी करने के अधिकार मुख्याधिकारी को दिए गए हैं।
भाजपा-शिवसेना की सहमति से प्रस्ताव पास
इस प्रस्ताव को भाजपा गटनेता अभिजीत करंजुळे ने पेश किया, जबकि इसका अनुमोदन अब्दुलभाई शेख ने किया। इसके बाद पूरा सभागार इस प्रस्ताव पर एकमत हो गया।
बड़े विकास प्रस्ताव को भी मंजूरी
इसी बैठक में शहर के विकास से जुड़े बड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई, जिनमें शामिल हैं:
करीब 50 एकड़ में प्रादेशिक मेडिकल सुविधा केंद्र
30 एकड़ में प्रकल्पग्रस्तों के लिए आवास योजना
5 एकड़ में सार्वजनिक कार्यालय और कर्मचारी आवास
इन प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी के लिए राज्य सरकार को भेजा जाएगा। इससे शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं और पुनर्वास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
सड़क परियोजना पर आंशिक फैसला
पूर्व अंबरनाथ के रुक्मिणी और आसावरी अपार्टमेंट को जोड़ने वाले 12 मीटर डीपी रोड और 24 मीटर बायपास रोड कनेक्टिविटी के प्रस्ताव को भी बैठक में पेश किया गया।
हालांकि, महिला कल्याण केंद्र के पास वडारवाड़ी–शिवाजीनगर को जोड़ने वाले 9 मीटर डीपी रोड के प्रस्ताव को अतिरिक्त जानकारी के लिए फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
आगे की मांग
अब्दुलभाई शेख ने मांग की है कि महिला कल्याण केंद्र की जमीन की माप जल्द पूरी कर प्रोजेक्ट को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। साथ ही, 9 मीटर सड़क से संबंधित जानकारी जल्द प्रस्तुत कर उस पर भी जल्द निर्णय लिया जाए।
रिपोर्टर - साबीर शेख

No Previous Comments found.