26 किलो के बबून का शिकार कर रहे विशाल बाज! क्या इंसानों के पूर्वज भी थे इनके निशाने पर?

आमतौर पर माना जाता है कि बाज छोटे जानवरों का शिकार करते हैं, लेकिन अफ्रीका के सहारा रेगिस्तान से मिली एक खोज ने वैज्ञानिकों को हैरान कर दिया है। यहां 26 किलो तक वजन वाले बबूनों की हड्डियां मिली हैं, जिन पर विशाल बाज के पंजों से हमले के निशान मौजूद हैं।

यह खोज चाड के एन्नेदी पठार में हुई। यहां चट्टानों के नीचे मिले बबूनों के कंकालों की जांच में खोपड़ी पर गहरे छेद और कंधों की हड्डियों पर खरोंच के निशान पाए गए। ये निशान शिकारी पक्षियों के हमले से मेल खाते हैं।

26 किलो के बंदर का कैसे हुआ शिकार?

वैज्ञानिकों के मुताबिक, आठ बड़े नर बबूनों का औसत वजन करीब 22.2 किलो था, जबकि एक का वजन 26.2 किलो तक था।

यहां वेरीऑक्स ईगल नाम का विशाल बाज इन बंदरों पर हमला करता है। वह अपने शिकार को उठाकर ले जाने के बजाय अचानक झपट्टा मारता है। हमले से बबून का संतुलन बिगड़ सकता है और वह ऊंची चट्टान से नीचे गिरकर मर सकता है।

बबून भी पहचानते हैं खतरनाक बाज

हैरानी की बात यह है कि बबून वेरीऑक्स ईगल को पहचानते हैं। जैसे ही यह बाज दिखाई देता है, वे चेतावनी वाली आवाज निकालते हैं और सुरक्षित जगहों पर छिप जाते हैं। इससे पता चलता है कि उन्हें इस शिकारी से कितना खतरा महसूस होता है।

क्या हमारे पूर्वज भी बनते थे शिकार?

इस खोज ने इंसानी विकास से जुड़ा एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। ऑस्ट्रेलोपिथेकस जैसे शुरुआती मानव पूर्वजों का वजन भी लगभग 25 से 30 किलो होता था।अगर बाज इतने भारी बबून का शिकार कर सकते थे, तो संभव है कि हमारे पूर्वजों को भी इनसे खतरा रहा हो। हालांकि, इसका अभी तक कोई सीधा प्रमाण नहीं मिला है।वैज्ञानिकों का मानना है कि ऐसे खतरों से बचने के लिए समूह में रहना, एक-दूसरे को चेतावनी देना और मिलकर सुरक्षा करना फायदेमंद रहा होगा।यानी प्राचीन समय में इंसानों के पूर्वजों को सिर्फ जमीन पर मौजूद शिकारी जानवरों से ही नहीं, बल्कि आसमान से आने वाली मौत से भी बचना पड़ता होगा।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.