बिना डिग्री, बिना अनुभव! रोबोट चलाइए और कमाइए ₹1,700 प्रति घंटा!

अमेरिका में इन दिनों एक ऐसी नौकरी चर्चा में है, जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। यहां लोगों को रोबोट कुत्तों को सड़कों पर घुमाने के लिए हर घंटे 20 डॉलर यानी करीब 1,700 रुपये तक देने की पेशकश की जा रही है। खास बात यह है कि इस काम के लिए न किसी डिग्री की जरूरत है और न ही रोबोटिक्स के पुराने अनुभव की। लेकिन इस अनोखी नौकरी के पीछे असली मकसद AI को भविष्य के लिए तैयार करना है।

रोबोट डॉग को घुमाने के लिए हो रही भर्ती

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सैन फ्रांसिस्को की रोबोटिक्स स्टार्टअप कंपनी Dimensional ने चार पैरों वाले रोबोट डॉग को शहर की सड़कों पर चलाने के लिए लोगों की भर्ती का विज्ञापन दिया था। उम्मीदवारों को 4 से 6 घंटे तक रोबोट के साथ तय रास्तों पर चलना होता था। कंपनी की ओर से इसके लिए ट्रेनिंग भी दी जा रही थी।

यह विज्ञापन 5 अक्टूबर को फेसबुक के 'Bay Area Jobs' ग्रुप में पोस्ट किया गया था, हालांकि बाद में इसे हटा दिया गया। रोबोट को चलाने के लिए हैंडहेल्ड कंट्रोलर या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जाता था। हर शिफ्ट पूरी होने के बाद कर्मचारियों को भुगतान किया जाता था।

रोबोट खराब हुआ तो उठाकर ले जाना होगा

इस नौकरी में एक मुश्किल शर्त भी रखी गई थी। रोबोट डॉग का वजन करीब 33 पाउंड यानी 15 किलो है। अगर चलते समय रोबोट बंद हो जाए या गर्म होकर काम करना बंद कर दे, तो कर्मचारी को उसे उठाकर कंपनी के ऑफिस तक वापस ले जाना पड़ता था। यह ऑफिस सैन फ्रांसिस्को के Dogpatch इलाके में है।

AI को ट्रेन करने के लिए जुटाया जा रहा डेटा

Dimensional का असली मकसद ऐसा ओपन-सोर्स ऑपरेटिंग सिस्टम तैयार करना है, जिसकी मदद से AI एजेंट रोबोट को नियंत्रित कर सकें और वास्तविक दुनिया में इंसानों की कम से कम मदद लेकर काम कर सकें।

कंपनी के 26 वर्षीय फाउंडर स्टैश पोमिश्टर ने द न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि इंसानी ऑपरेटरों की मदद से रोबोट को असली सड़कों पर चलाने का डेटा इकट्ठा किया जा रहा है। इन रोबोट में कैमरे और सेंसर लगे हैं, जो आसपास के माहौल को रिकॉर्ड करते हैं।

कंपनी यह भी जांच रही है कि इंसान और AI रोबोट को चलाने में कितना बेहतर प्रदर्शन करते हैं। शुरुआती नतीजों से पता चला है कि AI अभी अपने दम पर वास्तविक दुनिया में रोबोट को पूरी तरह संभालने में सक्षम नहीं है।

100 से ज्यादा रोबोट डॉग खरीद चुकी है कंपनी

रिपोर्ट के मुताबिक, Dimensional अब तक अमेरिका, चीन और जर्मनी की कंपनियों से 100 से ज्यादा रोबोट डॉग और 50 ह्यूमनॉइड रोबोट खरीद चुकी है। सैन फ्रांसिस्को की सड़कों पर इस्तेमाल हो रहे रोबोट डॉग चीन की कंपनी Unitree के बनाए हुए हैं। इनकी कीमत करीब 2,000 डॉलर यानी लगभग 1.7 लाख रुपये बताई गई है।

कंपनी की यह पहल दिखाती है कि भविष्य में AI सिर्फ कंप्यूटर और मोबाइल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वास्तविक दुनिया में मशीनों को नियंत्रित करने में भी अहम भूमिका निभा सकता है। फिलहाल इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए इंसान ही रोबोट को रास्ता दिखा रहे हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.