सपा ने जारी किया PDA पंचांग, जानिए क्या है खास...
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को समाजवादी विचारधारा और पीडीए एकता को बढ़ावा देने वाला एक महत्वपूर्ण आयोजन हुआ। सपा मुख्यालय में समाजवादी पीडीए पंचांग-2026 का विमोचन किया गया, जो पीडीए समाज की पहचान, इतिहास और संघर्षों को समर्पित है। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उपस्थित रहे, जिन्होंने कहा कि पीडीए समाज की एकता और अधिकारों की लड़ाई समाजवादी आंदोलन की आत्मा रही है। उन्होंने बताया कि यह पंचांग महापुरुषों, उनके योगदान और समाजवादी विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
अखिल भारतीय चौरसिया महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय चौरसिया ने बताया कि पंचांग में पीडीए समाज से जुड़े महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि के साथ ही राष्ट्रीय पर्व, ऐतिहासिक दिवस और सामाजिक आंदोलनों से जुड़े महत्वपूर्ण दिन शामिल हैं। इसके साथ ही रोजमर्रा की उपयोगी जानकारियों, पर्व-त्योहार, व्रत और महत्वपूर्ण सामाजिक-राजनीतिक घटनाओं को भी इसमें स्थान दिया गया है, जिससे यह समाज के सभी वर्गों के लिए उपयोगी और मार्गदर्शक बने।
विशेष बात यह है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग को लेकर सक्रिय हैं और 2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए समीकरण के सकारात्मक असर के बाद इस गठजोड़ को और मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं।
No Previous Comments found.