दुष्कर्म के आरोपी के घर कुर्की की नोटिस चस्पा
उन्नाव : उन्नाव 30 दिसंबर। गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) की रहने वाली एक युवती ने बांगरमऊ ताजपुर आगरा एक्सप्रेसवे निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया था। एसपी के आदेश पर महिला थाना में उसकी रिपोर्ट दर्ज हुई थी। फरार आरोपित के घर सोमवार को पुलिस ने कुर्की की नोटिस चस्पा की। साथ ही मुनादी करवाकर आरोपित के अपराध के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। महिला थानाध्यक्ष अर्चना ने बताया कि बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ताजपुर आगरा निवासी अश्वनी सिंह उर्फ राजा पुत्र अवधेश सिंह फरार अपराधी है। उसके खिलाफ एक युवती को शादी का झांसा देकर सालों तक दुष्कर्म करने का आरोप है। एसपी के आदेश पर पीड़िता ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह फरार है। आरोपी की तलाश में संभावित जगहों पर दबिश भी दी गई, लेकिन वह अब तक गिरफ्त में नहीं आया और न ही उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसलिए सिविल जज जू.डि. एफ्टीसी न्यायालय से उसके खिलाफ धारा 84 की कार्रवाई का आदेश हुआ है। पुलिस ने आरोपित के घर कुर्की का नोटिस चस्पा कराते हुए मुनादी कराई। कहा कि यदि जल्द से जल्द आरोपित ने न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं किया तो उसकी चल व अचल संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।
रिपोर्टर : अजय पाल
No Previous Comments found.