उन्नाव में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर

उन्नाव : उन्नाव में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस बीच गुरुवार को लखनऊ मंडल की आयुक्त रोशन जैकब ने उन्नाव का दौरा कर बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। आयुक्त का यह दौरा विशेष रूप से शुक्लागंज नगर क्षेत्र और उसके आसपास के इलाकों पर केंद्रित रहा, जहां गंगा का पानी रिहायशी इलाकों में घुसने से आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आयुक्त रोशन जैकब जिला अधिकारी गौरांग राठी के साथ वोटर बोट से शुक्लागंज के कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने निकलीं। इस दौरान उन्होंने रविदास नगर, कर्बला और आनंद घाट जैसे इलाकों का मुआयना किया। नाव से दौरे के दौरान आयुक्त ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं और अफसरों को निर्देश दिए कि बाढ़ पीड़ितों को हर संभव राहत पहुंचाने में कोई कोताही न बरती जाए।

निरीक्षण के समय उनके साथ जिलाधिकारी गौरांग राठी, पुलिस अधीक्षक और कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त ने मौके पर ही जिला प्रशासन और नगर निकाय के अधिकारियों के साथ राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्राथमिक लक्ष्य है कि किसी भी हालत में किसी बाढ़ पीड़ित को भूखा या असहाय न रहना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में नावों की संख्या बढ़ाने, खाद्य सामग्री और पीने के पानी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और चिकित्सा टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
आयुक्त रोशन जैकब ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि शुक्लागंज और आसपास के क्षेत्रों में राहत शिविरों की व्यवस्था बेहतर की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में तेजी लाई जाए और उनके रहने, भोजन तथा स्वास्थ्य सेवाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राहत सामग्री के वितरण की गति और गुणवत्ता पर भी सवाल किए और निर्देश दिया कि यह कार्य पारदर्शिता के साथ किया जाए ताकि किसी को शिकायत का मौका न मिले। गंगा का पानी तेजी से बढ़ने के कारण रविदास नगर और कर्बला जैसे घनी आबादी वाले मोहल्लों में पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया है। लोग अपने परिवार और सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को मजबूर हैं। नाव ही इन दिनों एकमात्र सहारा बन गई है। इस स्थिति को देखते हुए आयुक्त ने कहा कि प्रशासन को लगातार सतर्क रहना होगा और हालात बिगड़ने से पहले ही प्रभावी कदम उठाने होंगे।
आयुक्त के इस दौरे से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे लोगों को उम्मीद जगी है कि प्रशासन उनकी समस्याओं को और गंभीरता से सुनेगा। मौके पर मौजूद कई लोगों ने अधिकारियों के सामने अपनी परेशानियां रखीं, जिनमें राशन की कमी, स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव और साफ-सफाई की समस्या प्रमुख रही।
निरीक्षण के बाद आयुक्त रोशन जैकब ने कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है और किसी को भी कठिनाई नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि राहत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लगातार बढ़ते गंगा के जलस्तर और बाढ़ के खतरे को देखते हुए अब पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

रिपोर्टर : अजय कुमार

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.