महिला पुलिसकर्मियों ने मुठभेड़ में बदमाश को पकड़ाः उन्नाव में एसपी ने दरोगा समेत तीन को किया सम्मानित

उन्नाव : उन्नाव में महिला पुलिसकर्मियों ने मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी को गिरफ्तार किया। उनके इस साहसिक कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने मंगलवार को उन्हें सम्मानित किया। यह कार्रवाई मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई।

घटना दो दिन पहले बिहार थाना क्षेत्र में हुई थी। पुलिस चेकिंग टीम पर कार सवार बदमाश ने अचानक फायरिंग कर दी। हिस्ट्रीशीटर अपराधी पुलिस को चुनौती देकर भागने की कोशिश कर रहा था। महिला दरोगा रेखा दुबे और महिला सिपाही शिखा व रूपा ने बहादुरी और फुर्ती दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बिना घबराए मोर्चा संभाला और बदमाश को गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना के बाद आईजी और एडीजी ने भी महिला पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना की थी। अधिकारियों ने कहा कि महिला टीम ने जिस आत्मविश्वास और हौसले के साथ कार्रवाई की, वह सराहनीय और प्रेरणादायक है।2-2 हजार का नकद इनाम भी दिया
पुलिस लाइन में आयोजित सम्मान समारोह में एसपी जय प्रकाश सिंह ने तीनों महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और 2-2 हजार रुपए की नकद राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह बहादुरी मिशन शक्ति अभियान को मजबूती देती है।एसपी ने यह भी कहा कि जिले की पुलिस महिला सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसी कार्रवाई से अपराधियों में भय पैदा होगा। सम्मानित होने वाली महिला दरोगा रेखा दुबे, सिपाही शिखा और रूपा ने इसे गर्व का क्षण बताया और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपनी तत्परता दोहराई।

रिपोर्टर : अजय कुमार

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.