उन्नाव के ग्राम परेंदा में ‘स्वतंत्रता संग्राम सेनानी द्वार’ का लोकार्पण, ग्रामीणों ने जताया आभार।

उन्नाव :  ग्राम परेंदा के लिए 3 जून का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। वर्षों पुरानी मांग पूरी करते हुए गांव के प्रवेश द्वार पर भव्य ‘स्वतंत्रता संग्राम सेनानी द्वार’ की स्थापना सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह द्वार गांव के अमर शहीद स्वर्गीय श्री राम रतन बाजपेयी एवं स्वर्गीय श्री गंगा बख्श सिंह की वीरता, त्याग और राष्ट्रभक्ति को समर्पित है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ एक द्वार नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और श्रद्धांजलि का प्रतीक है। अंग्रेजी हुकूमत के जुल्मों के खिलाफ लड़ने वाले इन वीरों ने जेल, यातनाएं और उत्पीड़न सहकर भी कदम पीछे नहीं हटाए। अब यह द्वार नई पीढ़ी को देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा। इस सपने को साकार करने में जिला पंचायत सदस्य गोविंद यादव के अथक प्रयासों को गांव ने सराहा। उन्होंने जनभावना को प्राथमिकता देकर विभागों के सामने मजबूती से मांग रखी। साथ ही बृजेश त्रिवेदी के सहयोग और मार्गदर्शन को भी सराहा गया।  ग्रामवासियों ने सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों व अधिकारियों का आभार जताते हुए दोनों अमर शहीदों को शत-शत नमन किया। 

रिपोर्टर  : उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.