बीघापुर तहसील में खाद की किल्लत पर प्रशासनिक सख्ती
उन्नाव : उन्नाव तहसील बीघापुर क्षेत्र में किसानों को खाद मिलने में आ रही समस्याओं के समाधान और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बीघापुर धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एक अति आवश्यक विभागीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को समय पर और तय रेट पर खाद उपलब्ध कराई जाए, वहीं भारतीय किसान क्रांति यूनियन (सरकार) के प्रदेश महासचिव डॉ. बृजेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों के हितों की जोरदार पैरवी की।
प्रशासन के कड़े निर्देश हर किसान को मिले खाद, न हो कालाबाजारी बैठक के दौरान एसडीएम धर्मेंद्र सिंह ने अपर जिला सहकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि तहसील क्षेत्र के किसी भी किसान को खाद के लिए परेशान न होना पड़े। इसके लिए एक ठोस रणनीति तैयार की जाए।
सूचना बोर्ड अनिवार्य सभी समितियों और केंद्रों पर प्रतिदिन का स्टॉक, रेट और सचिव/विक्रेता की उपस्थिति का विवरण सूचना बोर्ड पर स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। इसकी दैनिक रिपोर्ट एसडीएम को भेजी जाएगी।
फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर वितरण जो भी किसान अपनी 'फार्मर रजिस्ट्री' लेकर आ रहा है, उसे उसके हिस्से की फॉस्फेटिक खाद अनिवार्य रूप से दी जाए।
मिलावट और ओवररेटिंग पर एसडीएम ने जिला कृषि अधिकारी, उन्नाव (शशांक जी) से फोन पर वार्ता कर दो टूक कहा कि निर्धारित मूल्य से अधिक पर खाद बेचने वाले या मिलावटी खाद का कारोबार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। समय-समय पर बाजार की सघन जांच हो। जिला कृषि अधिकारी का आश्वासन: जनपद में खाद की कोई कमी नहीं
जिला कृषि अधिकारी उन्नाव ने आश्वस्त किया कि जनपद में खाद की कोई कमी नहीं है। जिन केंद्रों पर अभी खाद नहीं पहुंची है, वहां कल तक आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि ओवररेटिंग या मिलावट की कोई भी शिकायत मिलती है, तो तत्काल जांच कराकर दोषी विक्रेताओं के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने चेतावनी दी कि किसानों को भ्रमित करने या भ्रामक प्रचार-प्रसार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
किसान नेता डॉ. बृजेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों की समस्याओं को मजबूती से रखा
बैठक में भारतीय किसान क्रांति यूनियन (सरकार) के उत्तर प्रदेश महासचिव, डॉ. बृजेंद्र प्रताप सिंह ने क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मांग की कि खाद वितरण प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए ताकि दूर-दराज से आने वाले अन्नदाताओं को लाइनों में न लगना पड़े और उन्हें समय पर खाद मिल सके। उनके साथ फुन्नी त्रिपाठी, तहसीलदार बीघापुर, अपर जिला सहकारी अधिकारी सहित अन्य प्रमुख विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : नवनीत शुक्ला

No Previous Comments found.