UP कर्मचारियों को योगी सरकार का तोहफा, DA में 2% बढ़ोतरी

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में दो फीसदी बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। इस संबंध में शासन की ओर से आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों को सीधा फायदा मिलेगा।

नई व्यवस्था के तहत बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा। इसका लाभ राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, तकनीकी शिक्षण संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों में कार्यरत कर्मियों, कार्य प्रभारित कर्मचारियों और यूजीसी वेतनमान पाने वाले पदधारकों को भी मिलेगा।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस फैसले से करीब 16 लाख कर्मचारी और लगभग 12 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। कर्मचारियों को जनवरी से अप्रैल 2026 तक का बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एरियर के रूप में दिया जाएगा। यह राशि उनके भविष्य निधि (PF) खाते में जमा की जाएगी। वहीं, मई 2026 से बढ़ा हुआ डीए वेतन में शामिल कर जून महीने के वेतन के साथ दिया जाएगा।

महंगाई के दौर में सरकार के इस फैसले को कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। लंबे समय से डीए बढ़ोतरी की मांग कर रहे कर्मचारियों में इस घोषणा के बाद खुशी का माहौल है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.