योगी के मिशन 2027 की तैयारी! RLD, सुभासपा और निषाद पार्टी को मिलेंगी 60 सीटें?

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। सत्ता में लगातार तीसरी बार वापसी की रणनीति बना रही बीजेपी ने अपने सहयोगी दलों को साधने के लिए सीट बंटवारे का संभावित फॉर्मूला तैयार किया है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से करीब 60 सीटें अपने सहयोगी दलों के लिए छोड़ने की तैयारी में है। इस संभावित रणनीति के तहत बीजेपी खुद 343 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। बीजेपी की इस रणनीति का मकसद केवल सीटों का बंटवारा नहीं, बल्कि जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को मजबूत करना भी है। पार्टी चाहती है कि जिन इलाकों में उसके सहयोगी दलों का प्रभाव है, वहां उन्हें चुनाव लड़ने का मौका देकर एनडीए की स्थिति मजबूत की जाए।

उत्तर प्रदेश में बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए में फिलहाल चार प्रमुख सहयोगी दल शामिल हैं। इनमें जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल (RLD), ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा), अनुप्रिया पटेल की अपना दल (एस) और संजय निषाद की निषाद पार्टी शामिल हैं।

संभावित फॉर्मूले के मुताबिक, इन चारों दलों के बीच 60 सीटों का बंटवारा किया जा सकता है। हालांकि, किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, इस पर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बीजेपी की मौजूदा रणनीति के पीछे पिछले विधानसभा चुनावों का अनुभव भी अहम माना जा रहा है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 376 सीटों पर चुनाव लड़ा था। वहीं, अपना दल (एस) को 17 और निषाद पार्टी को 10 सीटें दी गई थीं।

इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 384 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। अपना दल ने 11 और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 8 सीटों पर चुनाव लड़ा था। 2022 के चुनाव के दौरान जयंत चौधरी की आरएलडी और ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में थीं। लेकिन चुनाव के बाद दोनों दल एनडीए में शामिल हो गए। इसके बाद उत्तर प्रदेश में बीजेपी के सहयोगी दलों की संख्या और गठबंधन का दायरा बढ़ गया।

बीजेपी की कोशिश है कि सहयोगी दलों को उन विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने का मौका मिले, जहां उनका अपना संगठन और जातीय आधार मजबूत है। आरएलडी का प्रभाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश में माना जाता है, जबकि अपना दल (एस) की पूर्वांचल के कुछ क्षेत्रों में राजनीतिक पकड़ है। सुभासपा और निषाद पार्टी भी अपने-अपने सामाजिक और क्षेत्रीय आधार के हिसाब से सीटों की मांग कर सकती हैं।

ऐसे में बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती चारों सहयोगियों के बीच सीटों का संतुलन बनाने की होगी। पार्टी को यह भी ध्यान रखना होगा कि सीटों के बंटवारे को लेकर गठबंधन के भीतर किसी तरह की नाराजगी न पैदा हो। दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन को लेकर भी सियासी चर्चाएं जारी हैं। ऐसे में बीजेपी चुनाव से पहले एनडीए को एकजुट रखने और सहयोगी दलों के साथ बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दे रही है। हाल ही में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के गोरखपुर दौरे के दौरान निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद से हुई मुलाकात को भी गठबंधन के भीतर समन्वय की कोशिशों से जोड़कर देखा जा रहा है।

फिलहाल 60 सीटों का यह फॉर्मूला सूत्रों के हवाले से सामने आया संभावित प्लान है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि बीजेपी अपने चारों सहयोगियों को कितनी-कितनी सीटें देती है और क्या सभी दल इस बंटवारे पर सहमत होंगे? 2027 के चुनाव से पहले एनडीए के भीतर सीटों का यह गणित उत्तर प्रदेश की सियासत में अहम भूमिका निभा सकता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.