यूपी में SIR की अवधि बढ़ी, फाइनल वोटर लिस्ट अब 10 अप्रैल को होगी जारी
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से जुड़े विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की समय-सीमा एक बार फिर बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि एसआईआर प्रक्रिया को अब एक महीने के लिए और आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दल लगातार इसकी अवधि बढ़ाने की मांग कर रहे थे, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। अब अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल को जारी की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि राज्य में SIR के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की तिथि भी आगे बढ़ा दी गई है। आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि 5 फरवरी तक कुल 82,684 फॉर्म-7 और 37,80,414 फॉर्म-6 जमा किए जा चुके हैं, जो 6 जनवरी से 4 फरवरी के बीच प्राप्त हुए। इसके अलावा विदेश में रह रहे मतदाताओं की ओर से 1,073 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सबसे ज्यादा आवेदन 5 फरवरी को आए, जब एक ही दिन में तीन लाख से अधिक फॉर्म जमा किए गए।

No Previous Comments found.