लखनऊ की सड़कों पर दौड़ी इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस: ऐतिहासिक नज़ारों के साथ 'लखनऊ दर्शन' का शानदार आगाज़

 

लखनऊ की सड़कों पर दौड़ी इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस: ऐतिहासिक नज़ारों के साथ 'लखनऊ दर्शन' का शानदार आगाज़-

लखनऊ: नवाबों के शहर लखनऊ में पर्यटन को नया आयाम देते हुए इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा का भव्य शुभारंभ हो गया है। सेवा के पहले ही दिन कुल 24 यात्रियों ने इस आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बस में सवार होकर शहर की ऐतिहासिक विरासतों का दीदार किया। फूलों और गुब्बारों से सजी यह बस जब शहर की सड़कों पर निकली, तो हर कोई इसे निहारता रह गया।

1090 चौराहे से शुरू हुआ रोमांचक सफर-

गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे 1090 चौराहे से इस यात्रा की शुरुआत हुई। पहले ट्रिप में 10 यात्री सवार हुए, जिनमें से अधिकांश लोग बस की ऊपरी मंजिल (अपर डेक) पर बैठकर शहर के नज़ारों का आनंद लेते नज़र आए। साढ़े तीन घंटे की इस यात्रा में बस राजभवन और जीपीओ के सामने से होते हुए हजरतगंज पहुँची। इसके बाद यात्रियों को बेगम हजरत महल पार्क, ग्लोब पार्क और छतर मंजिल के दीदार कराए गए।

ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण और जलपान-

यात्रा का एक प्रमुख पड़ाव 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की गवाह रही 'रेजीडेंसी' थी, जहाँ यात्रियों ने परिसर का भ्रमण किया और वहीं जलपान का आनंद लिया। इसके बाद बस सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा और विधान सभा भवन होते हुए कैथेड्रल चर्च और यूपी दर्शन पार्क पहुँची। सफर का समापन अंबेडकर पार्क और गोमती रिवर फ्रंट के खूबसूरत रास्तों से होते हुए वापस 1090 चौराहे पर हुआ। शाम के दूसरे ट्रिप में भी 14 यात्रियों ने इस सफर का लुत्फ उठाया।

स्कूली बच्चों को जोड़ने की तैयारी

पर्यटन विभाग अब इस सेवा को और अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए स्कूलों से संपर्क करने की योजना बना रहा है। अधिकारियों का मानना है कि स्कूली बच्चों के लिए विशेष भ्रमण आयोजित करने से न केवल यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि बच्चों को शहर के इतिहास की जानकारी भी मिलेगी। विभाग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यह इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस लखनऊ पर्यटन का मुख्य आकर्षण बनेगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.