यूपी दिवस अब पूरे देश में मनेगा: मुख्यमंत्री योगी ने मंत्रियों को दिए 'मिशन मोड' में काम करने के निर्देश-

 

यूपी दिवस अब पूरे देश में मनेगा: मुख्यमंत्री योगी ने मंत्रियों को दिए 'मिशन मोड' में काम करने के निर्देश-

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और विकास के एजेंडे को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए एक बड़ी रणनीति तैयार की है। लोक भवन में कैबिनेट बैठक के बाद मंत्रियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस बार 24 जनवरी को 'उत्तर प्रदेश दिवस' केवल राज्य के भीतर ही नहीं, बल्कि देश के उन सभी राज्यों में मनाया जाएगा जहाँ उत्तर प्रदेश के निवासी बड़ी संख्या में रहते हैं।

सांस्कृतिक पहचान और निवेश पर जोर-

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि अन्य राज्यों में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में वहां के राज्यपालों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इसका मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सरकार की उपलब्धियों और निवेश की संभावनाओं को देशभर में मजबूती से प्रदर्शित करना है। यह कदम प्रवासियों को अपनी जड़ों से जोड़ने और उत्तर प्रदेश की नई छवि को प्रस्तुत करने का एक बड़ा मंच बनेगा।

मतदाता पुनरीक्षण: कोई भी पात्र व्यक्ति न छूटे-

बैठक में मुख्यमंत्री ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर भी कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान कई नाम कटे हैं, जो एक गंभीर विषय है। उन्होंने मंत्रियों को 'फार्म-6'भरकर नए मतदाता बनवाने के अभियान में तेजी लाने को कहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे, क्योंकि यह लोकतंत्र की मजबूती और राजनीतिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

जमीनी फीडबैक और बजट की समीक्षा-

प्रशासनिक चुस्ती लाने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्रियों को अपने आवंटित जिलों में कम से कम दो दिन का रात्रि प्रवास करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा:

मंत्री केवल औपचारिक दौरे न करें, बल्कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता से संवाद करें।
जिलों से मिलने वाला जमीनी फीडबैक ही सरकार की नीतियों का आधार बनेगा।
सभी विभाग अपने बजट खर्च की गहन समीक्षा करें ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुँचे।

मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल कागजों पर बजट खर्च करना नहीं, बल्कि जमीन पर बदलाव दिखाना है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.