यूपी में सीट शेयरिंग पर घमासान, कांग्रेस को 50 से ज्यादा सीट देने के खिलाफ सपा सांसद

AKANSHA UPADHYAY

उत्तर प्रदेश में चुनावी दंगल का बिगुल बजने से पहले ही इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के प्रतापगढ़ से सांसद एसपी सिंह पटेल ने कांग्रेस को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 50 से ज्यादा सीटें देना चुनाव से पहले ही उतनी सीटों पर हार स्वीकार करने जैसा होगा।

सपा सांसद के मुताबिक, कांग्रेस के 2022 और 2024 के प्रदर्शन को देखते हुए उसे यूपी में करीब 30 से 35 सीटें ही मिलनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर सपा प्रमुख अखिलेश यादव दरियादिली दिखाते हैं, तो कांग्रेस को अधिकतम 50 सीटें दी जा सकती हैं। उनका दावा है कि कांग्रेस के पास न तो पर्याप्त उम्मीदवार हैं और न ही यूपी में मजबूत जनाधार।

एसपी सिंह पटेल ने राहुल गांधी को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि 2024 में राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ने से पीछे हट गए थे और रायबरेली से चुनाव लड़ने को लेकर भी असमंजस में थे। सपा सांसद के अनुसार, अखिलेश यादव के समझाने के बाद राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हुए और सपा कार्यकर्ताओं ने उनकी जीत के लिए पूरी ताकत लगाई। 

वहीं, कांग्रेस की ओर से यूपी में 150 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग सामने आने के बाद गठबंधन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र गौतम ने 150 प्लस सीटों से कम पर सहमति न बनने की बात कही थी। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी इस रुख का समर्थन किया था।इस बीच अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर कहा कि बात सीटों की नहीं, जीत की है। उन्होंने गठबंधन के दलों से सीटों की संख्या और बंटवारे में उलझने के बजाय चुनाव में गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने पर ध्यान देने की अपील की। अब देखना होगा कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर यह खींचतान किस फॉर्मूले पर जाकर खत्म होती है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.